'Vote Chori से कानून और संस्था भी चोरी, CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें'- Rahul Gandhi की 10 बड़ी बातें
Rahul Gandhi Press Conference 10 Key Highlights: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार (24 सितंबर) को चुनाव आयोग, SIR और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों को लेकर करीब 55 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की। राहुल ने दावा किया कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ियों के कारण लोकतांत्रिक संस्थाओं पर असर पड़ा है।
राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय हुई है, जब इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में SIR, नए मतदाताओं के फॉर्म और वोटर डेटा से जुड़े फैसलों पर कम से कम 14 बार लिखित आपत्तियां दर्ज की थीं। चुनाव आयोग ने इन आपत्तियों के अस्तित्व से इनकार नहीं किया, लेकिन कहा कि ये सुझाव थे और आयोग के सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए। आइए जानते हैं कि राहुल गांधी ने क्या-क्या कहा?

1. राहुल बोले- 'ज्ञानेश कुमार ने वोट चोरी की'
राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार पर चुनावों में कथित 'वोट चोरी' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनावों में चुनावी प्रक्रिया के साथ छेड़छाड़ हुई और इससे लोकतंत्र कमजोर हुआ। आपको बता दें कि चुनाव आयोग इन आरोपों को पहले भी खारिज करता रहा है।
2. 'वोट चोरी से कानून चोरी, फिर संस्था चोरी'
राहुल गांधी ने अपने तर्क को एक 'चेन' के रूप में समझाया। उनके मुताबिक, वोट, फिर संविधान, कानून और अंतिम में संस्थाएं। उन्होंने कहा कि अगर वोट की रक्षा नहीं होती तो संविधान की ताकत प्रभावित होती है और उसके बाद कानून और संस्थाओं की वैधता पर भी सवाल खड़े होते हैं। राहुल ने दावा किया कि अगर किसी चुनाव में वोटों में गड़बड़ी हुई है तो उस आधार पर चुनी गई संसद के कानूनों पर भी सवाल उठेंगे।
3. 'ज्ञानेश कुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए'
राहुल गांधी ने CEC ज्ञानेश कुमार से सीधे इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी लोगों के वोट की रक्षा करना है और मौजूदा विवाद में CEC को अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों की भविष्य में जांच और कार्रवाई होनी चाहिए।
4. 'दो चुनाव आयुक्तों ने जो कहा, उससे तस्वीर बदली'
राहुल गांधी ने इंडियन एक्सप्रेस की उस रिपोर्ट का हवाला दिया जिसमें चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी की ओर से SIR से जुड़े फैसलों पर आपत्तियों की बात कही गई है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों आयुक्तों ने अलग-अलग मौकों पर SIR, Form 6 में बदलाव, मतदाताओं के नाम हटाने और चुनावी डेटा से जुड़े मामलों पर आपत्तियां दर्ज की थीं। राहुल ने कहा कि इन आपत्तियों से उनकी ओर से लंबे समय से लगाए जा रहे चुनावी गड़बड़ी के आरोपों को समर्थन मिलता है। वहीं चुनाव आयोग ने कहा है कि अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
5. 'वोटर लिस्ट पर भरोसा खत्म हो गया'
राहुल गांधी ने SIR के तहत वोटर लिस्ट में नामों के सत्यापन और बदलाव को लेकर चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया। उन्होंने खासतौर पर युवा और नए मतदाताओं के नामों को लेकर चिंता जताई और दावा किया कि चुनाव आयोग को पता है कि युवा मतदाता सरकार को वोट नहीं देना चाहते।
6. 'एक-दो बार गलती हो सकती है, बार-बार नहीं'
राहुल ने कहा कि उन्हें चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का शक अचानक नहीं हुआ। उनके मुताबिक, कई चुनावों के आंकड़ों और प्रक्रियाओं को देखने के बाद धीरे-धीरे संदेह बढ़ा। उन्होंने कहा कि एक बार किसी चुनाव के नतीजे या पैटर्न को लेकर गलत आकलन हो सकता है, लेकिन लगातार कई चुनावों को लेकर सवाल उठने पर उन्होंने इस मुद्दे पर काम शुरू किया।
7. 'मोदी-शाह के समय एंटी-इनकंबेंसी क्यों नहीं?'
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एंटी-इनकंबेंसी यानी सत्ता-विरोधी लहर को भी अपने तर्क का हिस्सा बनाया। उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग सरकारों और नेताओं के खिलाफ समय-समय पर सत्ता-विरोधी लहर देखने को मिली है। उन्होंने इंदिरा गांधी के उदाहरण का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ ऐसी स्थिति क्यों नहीं बनी? उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों का भी उदाहरण दिया। एंटी-इनकंबेंसी का होना कोई संवैधानिक या अनिवार्य चुनावी नियम नहीं है। चुनाव परिणाम कई कारकों पर निर्भर करते हैं, इसलिए इसे अकेले चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
8. 'सिस्टम ठीक होने के बाद ही जांच होगी'
जब राहुल से पूछा गया कि अगर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल हैं तो विपक्ष आगे क्या करेगा, उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में जांच की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठेंगे। उन्होंने कहा कि पहले सिस्टम को 'रिपेयर' करने की जरूरत है और उसके बाद जांच होनी चाहिए। राहुल ने दावा किया कि चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाली जानकारी सिर्फ विपक्ष के पास नहीं है, बल्कि दूसरे लोगों के पास भी है।
9. 'मोदी-शाह खुद अपनी जांच नहीं कर सकते'
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की जांच की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर उनके पहले के सवालों को नजरअंदाज किया गया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी ने फरवरी 2025 में ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को लेकर असहमति दर्ज की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की नियुक्ति के समय भी चयन प्रक्रिया पर विपक्ष की ओर से असहमति दर्ज की गई थी।
10. 'भारत ऐसी स्थिति में पहले कभी नहीं आया'
राहुल गांधी ने कहा कि भारत ऐसी स्थिति में पहुंच गया है, जैसी उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि वोट, कानून, संस्थाओं और संविधान के बीच की 'चेन' टूट गई है। उनका दावा था कि चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर सिस्टम ठीक होता तो चुनाव आयोग की बात पर भरोसा किया जा सकता था, लेकिन मौजूदा विवाद ने उस भरोसे को प्रभावित किया है।


Click it and Unblock the Notifications
