राहुल गांधी हैदराबाद की उस्मानिया यूनिवर्सिटी में नहीं कर सकेंगे प्रोग्राम, हाईकोर्ट में याचिका खारिज
तेलंगाना हाईकोर्ट ने कहा है कि राहुल गांधी को उस्मानिया यूनिवर्सिटी में कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा सकती। इससे पहले टीआरएस विधायक के कविता ने राहुल के तेलंगाना दौरे को राजनीतिक बताया था।
हैदराबाद, 5 मई : तेलंगाना की सत्तारुढ़ पार्टी- तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और राहुल गांधी के बीच 36 का आंकड़ा उभर कर सामने आ गया है। टीआरएस विधायक के कविता की ओर से राहुल गांधी के दौरे के राजनीतिक बताए जाने के बाद तेलंगाना उच्च न्यायालय ने उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्रों की ओर से दायर रिट याचिका को खारिज कर दिया। छात्रों की ओर से कुलपति को निर्देश देने की मांग की गई थी। छात्रों ने हाईकोर्ट से अपील की थी कि टैगोर सभागार में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, यूनिवर्सिटी के छात्रों और बेरोजगार युवाओं के बीच आमने-सामने की बातचीत की अनुमति देने का निर्देश दिया जाए।

राजनीतिक मकसद के लिए मीटिंग ?
बता दें कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का सात मई को विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद करने का कार्यक्रम था। उनके कार्यक्रम के लिए परमिशन मांगने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए तेलंगाना उच्च न्यायालय ने कहा, याचिकाकर्ताओं के अनुसार राहुल गांधी की प्रस्तावित बैठक का उद्देश्य छात्रों के साथ आमने-सामने की बातचीत है, लेकिन यह प्रमाणित करने के लिए कि बैठक महज शैक्षणिक गतिविधियों के लिए है, पर्याप्त प्रमाण नहीं दिए गए हैं। ऐसे में यह मानने का कोई आधार नहीं है कि बैठक का कोई राजनीतिक मकसद नहीं है।
राजनीतिक मंच न बने यूनिवर्सिटी
अदालत ने कहा, विश्वविद्यालय परिसर को राजनीतिक मंच के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा, राजनीतिक आयोजनों को अनुमति देना विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की 1591h बैठक के संकल्प संख्या 6 का उल्लंघन है।
आर्टिकल 14 से सकारात्मक समानता की गारंटी
तेलंगाना हाईकोर्ट ने राहुल गांधी के उस्मानिया यूनिवर्सिटी में प्रस्तावित कार्यक्रम के संबंध में कहा, भारतीय संविधान का अनुच्छेद 14 सकारात्मक समानता की गारंटी देता है न कि नकारात्मक समानता की। ऐसे में केवल इसलिए कि प्रतिवादियों (उस्मानिया यूनिवर्सिटी) ने कथित तौर पर अन्य गतिविधियों की अनुमति दी है, यह अदालत उस्मानिया यूनिवर्सिटी के कार्यकारी परिषद के प्रस्ताव का उल्लंघन करते हुए प्रस्तावित बैठक की अनुमति नहीं दे सकती।
राहुल गांधी का तेलंगाना दौरा राजनीतिक ?
गौरतलब है कि राहुल गांधी के दौरे पर सत्तारूढ़ टीआरएस ने निशाना साधा था। पार्टी का कहना है कि राहुल राजनीति करने आ रहे हैं। टीआरएस विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के कविता ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा कि राहुल गांधी सिर्फ राजनीति करने आ रहे हैं, उन्हें यहां के लोगों या फिर छात्रों की कोई फिक्र नहीं है। के कविता ने बताया, टीआरएस ने राहुल गांधी से एक बार आग्रह किया था कि वो संसद में तेलंगाना के किसानों के मुद्दे को उठाएं, लेकिन उन्होंने उस वक्त ऐसा नहीं किया। अब वारंगल में कुछ योजनाएं बना रहे हैं।
वाइस चांसलर सरकार के गुलाम ?
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी को 6 और 7 मई को तेलंगाना के दौरे पर आना है। उस्मानिया यूनिवर्सिटी में छात्रों को संबोधित करने का भी कार्यक्रम रखा गया है। हालांकि, इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस टीआरएस पर हमलावर दिख रही है। आक्रोशित कांग्रेस पार्टी ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को केसीआर सरकार का गुलाम तक करार दिया।










Click it and Unblock the Notifications