नोटबंदी को लेकर पीएम पर बरसे राहुल, कहा- 'PayPM' ने 2-3 अरबपति दोस्तों को पहुंचाया फायदा
Rahul Gandhi on Demonetisation Anniversary: 8 नवंबर 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी लागू की थी, जिसके तहत 500 और 1000 के पुराने नोट बैन कर दिए गए। मोदी सरकार ने इसे काले धन पर प्रहार बताया, लेकिन विपक्षी दल तब से इस पर सवाल उठाते रहे हैं। नोटबंदी के 6 साल पूरे होने पर मंगलवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला है।

राहुल गांधी ने नोटबंदी को लेकर एक वीडियो ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि पीएम मोदी आए और नोटबंदी की। आपसे कहा कि ये कालेधन के खिलाफ लड़ाई है और पूरा देश बैंक के सामने लाइन लगाकर खड़ा हो गया, लेकिन कालेधन के खिलाफ कुछ नहीं हुआ। नोटबंदी कोई गलती नहीं थी, ये आपके (जनता) ऊपर आक्रमण था। मोदी जी ने जनता का पैसा लेकर देश के बड़े बिजनेसमैन के खाते में डाला। उन्होंने करोड़ों लोगों का रोजगार नष्ट कर दिया और अर्थव्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं।
उन्होंने वीडियो के साथ लिखा कि नोटबंदी 'PayPM' (पीएम मोदी) द्वारा एक जानबूझकर किया गया कदम था, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि उनके 2-3 अरबपति दोस्त छोटे और मध्यम व्यवसायों को खत्म करके भारत की अर्थव्यवस्था पर एकाधिकार कर लें। वहीं कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा कि आज के दिन 2016 में मोदी सरकार ने मनमाने ढंग से 500 और 1000 के नोटों को बंद कर दिया। सरकार भारत को एक डिजिटल, कैशलेस अर्थव्यवस्था बनाने के अपने उद्देश्य में विफल रही क्योंकि जनता के पास नगदी 21 अक्टूबर तक 30.88 लाख करोड़ के नए उच्च स्तर पर थी। ये पिछले 6 साल की तुलना में करीब 72 प्रतिशत ज्यादा है।
महाराष्ट्र पहुंची राहुल की यात्रा
वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जारी है। ये यात्रा तमिलनाडु, केरल, तेलंगाना होते हुए महाराष्ट्र पहुंच गई है। सोमवार को महाराष्ट्र पहुंचते ही राहुल गांधी ने छत्रपति शिवाजी महाराज, महात्मा बसवेश्वर, महात्मा ज्योतिबा फुले, महापुरुष डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।












Click it and Unblock the Notifications