Rahul Gandhi MP का दर्जा वापस मिलने पर लोकसभा पहुंचेंगे? अधीर रंजन चौधरी की अपील, स्पीकर ओम बिरला करेंगे फैसला
Rahul Gandhi MP का दर्जा वापस मिलने पर लोकसभा पहुंचेंगे। शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत के बाद लोक सभा में कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राहुल को संसद में आने की अनुमति दिए जाने की अपील की।
हालांकि, जब राहुल की सदस्यता बहाल करने की अपील की गई उस समय लोक सभा स्पीकर ओम बिरला आसन पर मौजूद नहीं थे। पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने अधीर रंजन से कहा कि राहुल की सदस्यता के बारे में स्पीकर तय नियमों के आधार पर फैसला करेंगे।

शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लोकसभा में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने आग्रह किया कि राहुल की सजा पर रोक लग चुकी है। राहुल गांधी को सदन में उपस्थित होने की अनुमति दी जाए।
जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान प्राइवेट मेंबर से जुड़े कामकाज (private members' business) चल रहे थे, इसी समय अधीर रंजन चौधरी ने सभा की अध्यक्षता कर रहे राजेंद्र अग्रवाल से राहुल गांधी को सदन की कार्यवाही में भाग लेने की अनुमति देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, हमारे नेता राहुल जी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। अधीर रंजन ने कहा, "मैं सभापति से मांग करता हूं कि उन्हें जल्द से जल्द सदन में उपस्थित होने की अनुमति दी जाए।''
इस पर पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने कहा, स्पीकर स्वाभाविक रूप से इस मामले का संज्ञान लेंगे। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को 'मोदी सरनेम' मामले में 2019 के मुकदमे में गुजरात की अदालतों के फैसले में सजा के कारण को अपर्याप्त माना।
राहुल की सजा पर रोक लगने के बाद केरल की वायनाड लोक सभा सीट से उनकी सांसदी बहाल हो गई। औपचारिक आदेश या अधिसूचना आने के बाद बतौर लोक सभा सांसद राहुल संसद के मानसून सत्र के बचे हुए दिनों में शामिल हो सकेंगे।
बता दें कि राहुल की सांसदी 134 दिन पहले छिनी थी, जब भाजपा विधायक पूर्णेश मोदी की तरफ से दायर आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की सीजेएम कोर्ट से राहुल को दो साल की सजा सुनाई गई थी।
इसके बाद सेशंस कोर्ट और हाईकोर्ट में राहुल ने आपराधिक मानहानि मामले में दोषसिद्धि को चुनौती दी। राहुल को गुजरात की तीनों अदालतों से निराशा हाथ लगी। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आज राहुल की सजा पर रोक लगा दी।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल है। राहुल की सदस्यता बहाल होने में अब फैसला स्पीकर को करना है। शनिवार और रविवार को लोक सभा का अवकाश होगा, ऐसे में सोमवार को राहुल संसद पहुंचेंगे, इसकी पूरी संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications