'यीशु ही असली भगवान', विवादित पादरी से राहुल गांधी ने तमिलनाडु में की मुलाकात, भड़की बीजेपी
कन्याकुमारी, 10 सितंबर: कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' शुरू होते ही विवादों में आ गई है। इस यात्रा के दौरान शुक्रवार को राहुल गांधी ने तमिलनाडु के कन्याकुमारी जिले में एक विवादास्पद कैथोलिक पादरी जॉर्ज पोन्नैया से मुलाकात की। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पोन्नैया पर हिंदुओं के खिलाफ भड़काऊ बयान देने का आरोप लग चुका है। पीएम मोदी और अमित शाह जैसे कई बड़े नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर उनकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है। वहीं इस मुलाकात के दौरान राहुल ने पादरी से ऐसा सवाल पूछा, जिसको लेकर अब बीजेपी उनपर हमलावर है।

पादरी ने क्या कहा?
वीडियो में राहुल गांधी पादरी से पूछते नजर आ रहे कि क्या यीशु मसीह भगवान का एक रूप हैं? क्या ये सही है? जिस पर पादरी जॉर्ज पोन्नैया ने जवाब दिया कि वो ही असली भगवान हैं। पोन्नैया ने आगे कहा- गॉड ने खुद को एक मानव के रूप में प्रकट किया है, एक वास्तविक इंसान...किसी शक्ति की तरह नहीं...इसलिए हम उनकी शख्सियत को एक मानव के तौर पर देखते हैं। पादरी के इस बयान के बाद से मुलाकात पर राजनीति शुरू हो गई है।

बीजेपी ने कही ये बात
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्वीट कर लिखा कि जॉर्ज पोन्नैया ने राहुल से मुलाकात के दौरान कहा कि शक्ति (और अन्य हिंदू देवताओं) के विपरीत यीशु ही एकमात्र ईश्वर हैं। इस आदमी को पहले उसके हिंदू विरोधी भाषण के लिए गिरफ्तार किया गया था। उसने उस वक्त कहा था कि मैं जूते पहनता हूं, क्योंकि मैं नहीं चाहता भारत माता की अशुद्धियां हमें दूषित करें। उन्होंने अंत में लिखा कि भारत तोड़ो आइकन के साथ भारत जोड़ो?
कांग्रेस ने किया बचाव
वहीं राहुल के बचाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने ट्वीट कर लिखा कि बीजेपी की हेट फैक्ट्री एक घटिया ट्वीट वायरल करने का प्रयास कर रही है। ऑडियो में जो कुछ भी रिकॉर्ड किया गया है, उससे इसका कोई संबंध नहीं है। ये बीजेपी की राजनीति का तुच्छ तराकी है। भारत जोड़ो यात्रा की सफल शुरुआत देखकर बीजेपी हताश हो गई है, ऐसे में वो ये सब कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications