संसद में Rahul Gandhi के कथित 'फ्लाइंग किस' पर कांग्रेस क्या बोली?
लोक सभा में कांग्रेस नेता Rahul Gandhi के कथित "फ्लाइंग किस" पर भारी हंगामा हुआ। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने कहा, पार्टी सांसद सामान्य तौर पर सत्ता पक्ष की ओर इशारा कर रहे थे। उनका निर्देश विशेष रूप से किसी मंत्री या सांसद की तरफ नहीं था।
विवाद के बीच कांग्रेस ने कहा, ''राहुल गांधी ने बाहर निकलते समय सत्ता पक्ष की ओर इशारा किया। फ्लाइंग किस करते हुए राहुल ने भाइयों और बहनों कहा। उन्होंने किसी विशेष मंत्री या सांसद की तरफ इशारा नहीं किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की ओर तो बिल्कुल भी नहीं।''

दरअसल, बुधवार को स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के ठीक बाद भाजपा सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बहस में भाग लिया। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सांसद ने सदन छोड़ने से पहले फ्लाइंग किस का इशारा किया।
ईरानी ने कहा, "जिसको मेरे सामने बोलने का मौका दिया गया, उसने जाने से पहले अभद्रता की। यह केवल एक स्त्री-द्वेषी आदमी है जो उस संसद में फ्लाइंग किस का इशारा कर सकता है, जिसमें संसद की महिला सदस्य बैठती हैं। संसद में ऐसा अशोभनीय आचरण पहले कभी नहीं देखा गया है।"
बाद में, संसद के बाहर मीडिया से बात करते हुए स्मृति ईरानी ने कहा, "संसद में पहले कभी किसी व्यक्ति का स्त्रीद्वेषी व्यवहार इतना स्पष्ट नहीं हुआ था।" उन्होंने सवाल किया, लोक सभा में महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए कानून बनाए जाते हैं।
बकौल स्मृति ईरानी, संसद सत्र के दौरान एक पुरुष का स्त्रीद्वेष सामने आया है। मेरा सवाल है कि क्या उसे कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए? बता दें कि केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शोभा करंदलाजे के मुताबिक कई महिला सांसदों ने राहुल के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के पास शिकायत की है।
उन्होंने कहा, "यह एक सदस्य का अनुचित और अशोभनीय व्यवहार है। वरिष्ठ सदस्य कह रहे हैं कि भारतीय संसद के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ... यह कैसा व्यवहार है? वह किस तरह के नेता हैं? हमने अध्यक्ष से शिकायत की है।"
लोक सभी की सीसीटीवी फुटेज निकालकर राहुल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। इससे पहले, राहुल गांधी ने अपने 37 मिनट के भाषण में नरेंद्र मोदी सरकार पर मणिपुर में भारत की हत्या का आरोप लगाया।
राहुल ने सवाल किया कि प्रधानमंत्री ने उस राज्य का दौरा क्यों नहीं किया, जहां हिंसा और अशांति के कारण 150 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। आक्रामक लहजे में राहुल ने कहा, "भारत एक आवाज है, दिल की आवाज है। आपने मणिपुर में उस आवाज को मार डाला है।"
बकौल राहुल, "आपने (सरकार) मणिपुर में भारत माता की हत्या कर दी है। आप गद्दार हैं। मेरी मां यहां बैठी है। दूसरी मां, भारत माता, आपने उसे मणिपुर में मार डाला।" यही कारण है कि प्रधानमंत्री मणिपुर का दौरा नहीं करते। आप भारत माता के रक्षक नहीं, हत्यारे हैं।''












Click it and Unblock the Notifications