विदेश जाने से पहले राहुल गांधी का ट्वीट, कहा- जल्द वापस लौटूंगा, बीजेपी ने किया पलटवार
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अगले कुछ दिन देश से बाहर रहेंगे, इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी है। राहुल गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि सोनिया गांधी के सालाना मेडिकल चेकअप के लिए वो अगले कुछ दिन देश के बाहर रहेंगे। इतना ही नहीं राहुल गांधी ने जहां इस ट्वीट में देश से बाहर रहने की जानकारी दी, वहीं बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी सोशल मीडिया ट्रोल आर्मी के मेरे दोस्तों को ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं है। मैं जल्द वापस लौटूंगा। राहुल गांधी के इस ट्वीट पर बीजेपी की ओर से भी जवाब दिया गया है।

राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। एक बार फिर से राहुल गांधी अपनी सोनिया गांधी के साथ विदेश गए हैं। इसको लेकर रविवार रात उन्होंने ट्वीट किया और जानकारी दी कि वो अगले कुछ दिन देश से बाहर रहेंगे। उन्होंने ट्वीट में बीजेपी सोशल मीडिया ट्रोल आर्मी का भी जिक्र किया।

राहुल गांधी के ट्वीट पर बीजेपी की ओर से भी जवाब दिया गया है। बीजेपी की ओर से ट्वीट में कहा गया कि "हम सोनिया गांधी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। कर्नाटक की महिलाएं भी राज्य में कैबिनेट के गठन का इंतजार कर रही हैं जिससे प्रदेश सरकार उनकी सेवा कर सके। क्या आप इस बात का आश्वासन दे सकते हैं कि आपके जाने से पहले कर्नाटक को काम करने वाली सरकार मिल जाएगी?"

इसी ट्वीट में बीजेपी की ओर से आगे कहा गया कि "सभी लोग सोशल मीडिया पर उम्मीद करते हैं कि आप इसी तरह से हम लोगों का मनोरंजन करते रहेंगे।" बता दें कि राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बीजेपी की ओर से अकसर सवाल उठाए जाते रहे हैं। इससे पहले मार्च में त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के नतीजों से दो दिन पहले राहुल गांधी अपनी नानी के पास इटली गए थे।












Click it and Unblock the Notifications