राहुल की पीसी पर बीजेपी का पलटवार, कहा- आज फिर उन्होंने झूठ बोला, याद दिलाया लंदन वाला भाषण
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सदस्यता जाने पर मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। जिस पर बीजेपी ने उनको लंदन वाला भाषण याद दिलाया है।

'मोदी सरनेम' विवाद में सजा होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता चली गई। इसके बाद शनिवार को उन्होंने कांग्रेस नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की और मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। अब बीजेपी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राहुल पर पलटवार किया है। मामले में पार्टी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज राहुल गांधी ने फिर झूठ बोला कि मैंने लंदन में कुछ नहीं कहा था। राहुल गांधी ने लंदन में कहा था कि भारत में लोकतंत्र कमजोर हो रहा और यूरोपियन देश ध्यान नहीं दे रहे हैं। झूठ बोलना राहुल गांधी की फितरत हो चुकी है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी को 2019 में दिए गए उनके एक भाषण पर सजा हुई है। आज प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल ने कहा कि मैं सोच समझ कर बोलता हूं, तो वो 2019 में जो बोले थे, वो सोच समझ कर बोले थे। उन्होंने कहा था कि ये सारे मोदी चोर क्यों होते हैं? राहुल गांधी ने पिछड़े समाज का अपमान किया था। आलोचना करने का अधिकार है, बेइज्जत करने का अधिकार नहीं है। राहुल गांधी ने गाली दी थी। राहुल गांधी अगर सोच-समझ कर बोलते हैं तो बीजेपी ये मानती है कि राहुल गांधी ने जानबूझ कर पिछड़ों का अपमान किया और भाजपा इसकी निंदा करती है।
बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने शिकायत की थी कि उनके फोन में पेगासस है, लेकिन जब सुप्रीम कोर्ट ने उनको फोन की जांच करवाने को कहा, तो उन्होंने ऐसा नहीं किया। वो वास्तव में डर गए थे। करप्शन पर रविशंकर प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन ईमानदारी की खुली किताब है, एक धब्बा नहीं है, 9 साल से भारत के प्रधानमंत्री हैं और देश आगे बढ़ रहा है। राहुल गांधी को शर्म नहीं आती है करप्शन की बात करते हुए, राहुल गांधी भ्रष्टाचार के मामले में बेल पर हैं।
राहुल ने लंदन में क्या कहा था?
राहुल गांधी ने लंदन के कई कार्यक्रमों में मोदी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है। उनके फोन में पेगासस था। उनको सलाह दी गई थी कि वो फोन का इस्तेमाल ना करें। वहां पर सरकार विपक्ष की आवाज दबा रही और उन पर केस किए जा रहे।












Click it and Unblock the Notifications