Bharat Jodo Yatra: 'पैदल नहीं कार से यात्रा करें', कश्मीर में राहुल गांधी की पदयात्रा को लेकर अलर्ट जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी को कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कुछ जगहों पर नहीं चलने की सलाह दी है। 19 जनवरी को पंजाब से पदयात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी।

Rahul Gandhi Bharat Jodo Yatra: कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर में संपन्न होने वाली राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' मौजूदा वक्त में पंजाब से गुजर रही है। पंजाब के बाद कांग्रेस की पदयात्रा 19 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और 30 जनवरी को एक विशाल रैली के साथ संपन्न होगी। जम्मू-कश्मीर में राहुल गांधी की एंट्री से पहले यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है।
कुछ जगहों पर नहीं चलने की दी सलाह
सुरक्षा एजेंसियों ने राहुल गांधी को कश्मीर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कुछ जगहों पर नहीं चलने की सलाह दी है। एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "उनको सुरक्षित करने के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है और यह सलाह दी गई है कि कुछ जगहों पर पैदल यात्रा करने से बचना चाहिए और इसके बजाय कार में यात्रा करनी चाहिए।"
19 जनवरी को लखनपुर पहुंचेंगे राहुल गांधी
इसी के साथ आगे बताया कि एक व्यापक सुरक्षा समीक्षा अभी भी चल रही है, जिसमें रात के पड़ावों के डिटेल पर काम किया जा रहा है। बता दें कि राहुल गांधी 19 जनवरी को पंजाब-जम्मू सीमा पर लखनपुर पहुंचेंगे। इसके बाद 25 जनवरी को बनिहाल में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और दो दिन बाद 27 जनवरी को अनंतनाग के रास्ते श्रीनगर में प्रवेश करेंगे।
कुछ ही लोग उनके साथ यात्रा करें राहुल गांधी
रिपोर्ट में अधिकारी ने कहा, "राहुल गांधी कश्मीर के रास्ते में तिरंगा फहराएंगे। अब तक ऐसा लगता है कि यह बनिहाल के आसपास होगा। फिर यात्रा गणतंत्र दिवस के एक दिन बाद अनंतनाग के रास्ते श्रीनगर में प्रवेश करेगी।" उनके मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां चाहती हैं कि राहुल जब श्रीनगर में हों तो कुछ ही लोग उनके साथ यात्रा करें।
जानिए पूरा रूट मैप
भारत जोड़ो यात्रा के रूट प्लान के मुताबिक राहुल गांधी 19 जनवरी को लखनपुर में प्रवेश करेंगे और वहां एक रात रुकने के बाद अगली सुबह कठुआ के हटली मोड़ से रवाना होंगे। फिर चड़वाल में रात्रि विश्राम करेंगे। 21 जनवरी की सुबह यह हीरानगर से दुग्गर हवेली के लिए शुरू होगी और 22 जनवरी को विजयपुर से सतवारी तक जाएगी। जहां जम्मू के सतवारी चौक में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। फिर राहुल गांधी उधमपुर के रास्ते जम्मू से बनिहाल पहुंचेंगे और फिर वह अनंतनाग होते हुए श्रीनगर के पंथा चौक पहुंचेंगे।
एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा कि कुछ एरिया संवेदनशील हैं, इसलिए हमने उनकी टीम को ऐसे लोगों की पहचान करने की सलाह दी है जो उनके साथ आंतरिक घेरे में होंगे। आपको बता दें कि मौजूदा वक्त में राहुल गांधी के पास Z + श्रेणी सुरक्षा कवर है, जिसका मतलब है कि 8/9 कमांडो 24x7 उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications