राहुल का मोदी पर वार, बोले- अनिल अंबानी को 1,30,000 करोड़, स्वास्थ्य बीमा में 40 रुपए
राहुल का मोदी पर वार, बोले- अनिल अंबानी को 1,30,000 करोड़ और स्वास्थ्य बीमा में 40 रुपए
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की है। गांधी ने राफेल डील में कथित घपले की रकम के साथ आयुष्मान भारत योजना और पांच लाख के स्वास्थ्य बीमा की रकम की तुलना करते हुए मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने कहा है कि पीएम मोदी ने राफेल डील के जरिए अनिल अंबानी को 1,30,000 करोड़ का फायदा पहुंचाया। वहीं 50 करोड़ भारतीयों को आयुष्मान भारत योजना में 2 हजार करोड़ दिए हैं। नरेंद्र मोदी की इस योजना में प्रति व्यक्ति पर सालाना खर्च सिर्फ 40 रुपये है।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'देश का चौकीदार 'खुल जा सिमसिम' कब कहता है? अनिल अंबानी को राफेल घोटाले में 1,30,000 करोड़ रुपये और 50 करोड़ भारतीयों को Ayushman Bharat-PMJAY में 2000 करोड़ रुपये. 5 लाख के स्वास्थ्य बीमा झुनझुने पर मोदीजी का सालाना प्रति व्यक्ति खर्च मात्र 40 रुपये. वाह मोदीजी वाह, समाचार ही आपका प्रचार।'
बता दें कि राहुल गांधी और कांग्रेस राफेल जेट सौदे में बड़े पैमाने पर घपले की बात कह रही है। पार्टी का कहना है कि नरेंद्र मोदी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अनिल अंबानी की कंपनी को हजारों करोड़ का फायदा गलत तरीके पहुंचाया और भारत की जनता के टैक्स के पैसे को लुटाया। कांग्रेस के अलावा भी कई संगठन और वाजपेयी सरकार में मंत्री रहे अरुण शौरी और यशवंत सिन्हा भी राफेल मामले में भ्रष्टाचार की बात कह रहे हैं। वहीं सरकार ने इसे बिल्कुल गलत आरोप कहा है और इसे महज मोदी सरकार को बदनाम करने की कोशिश बताया है।












Click it and Unblock the Notifications