नोटबंदी पर राहुल गांधी के हमलों पर बीजेपी का पलटवार, पढ़िए बड़ी बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राहुल गांधी का हमला तेज होता जा रहा है। नोटबंदी को लेकर राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी से कुछ सवाल पूछे हैं, जिस पर बीजेपी ने पलटवार किया है।
नई दिल्ली। नोटबंदी के फैसले को लेकर कांग्रेस पार्टी का मोदी सरकार पर हमले का दौर जारी है। लगातार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साध रहे हैं। उनसे नोटबंदी के फैसले को लेकर सवाल कर रहे हैं। इस बीच बीजेपी भी उनके वार पर पलटवार से नहीं चूक रही है। बुधवार को भी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सामने आए। उन्होंने मोदी सरकार से पांच सवालों के जवाब मांगे। इतना ही नहीं उन्होंने पांच मांगें भी मोदी सरकार के सामने पेश की, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरा करने की अपील की। राहुल गांधी के सवाल पर तुरंत ही बीजेपी की ओर से प्रतिक्रिया आई। बीजेपी नेता श्रीकांत शर्मा ने राहुल गांधी के सवालों और मांग पर जवाब दिया। पढ़िए, राहुल के वार पर बीजेपी का पलटवार...

राहुल का मोदी सरकार पर वार
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार से सवाल किया कि आखिर 8 नवंबर के बाद कुल कितना काला धन सामने आया है, इसकी जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देनी चाहिए। राहुल गांधी ने दूसरा सवाल पूछा कि आखिर नोटबंदी के बाद देश को कितना आर्थिक नुकसान हुआ, कितने लोगों के रोजगार गए, सरकार को इसकी जानकारी देनी चाहिए? राहुल ने तीसरा सवाल किया कि आखिर नोटबंदी के दौरान कितने लोगों की मृत्यु हुई, जिन लोगों की जान गई उन्हें मुआवजा मिला या नहीं, इस बात की जानकारी दी जानी चाहिए। राहुल गांधी ने चौथे सवाल प्रधानमंत्री से पूछा कि आखिर आपने नोटबंदी का फैसला किससे पूछ के लिया। पांचवें सवाल में राहुल गांधी ने पूछा कि 8 नवंबर से दो महीने पहले किन-किन लोगों ने 25 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बैंकों में जमा किया। इस बात की जानकारी सरकार को मुहैया करानी चाहिए। इसके साथ-साथ राहुल गांधी ने मोदी सरकार से कुछ मांगें रखी। जिसमें उन्होंने कहा कि नोटबंदी के चलते गरीबों, किसानों और छोटे दुकानदारों को जो नुकसान हुआ है, इनको मुआवजा दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी ने 24 हजार रुपये की लिमिट को हटाने की मांग की। नोटबंदी से सबसे ज्यादा प्रभावित किसान हुए हैं उनके कर्ज माफ होने चाहिए। राहुल गांधी ने बीपीएल परिवार की हर महिला को 25 हजार रुपये देने की मांग की। इसके साथ-साथ राहुल गांधी ने मनरेगा के दिन और दिहाड़ी दोगुना करने की मांग भी राहुल गांधी ने पीएम मोदी से की है। इसके साथ-साथ छोटे दुकानदारों के लिए सेल्स टैक्स पर 25 फीसदी की छूट की मांग भी राहुल गांधी ने की है।
राहुल के वार पर बीजेपी का पलटवार
राहुल गांधी के सवालों पर बीजेपी नेता श्रीकांत शर्मा ने पलटवार किया। उन्होंने राहुल की हर मांग और सवाल अपने अंदाज में जवाब दिया। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आपकी जुबान जहरीली हो गई, आपकी पार्टी का केजरीवालीकरण हो गया है। आप संसद क्यों नहीं चलने दे रहे हैं। बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल जो कह रहे हैं, वो उनकी बौखलाहट है। विजय माल्या कांग्रेस के मित्र हैं। उन्होंने कहा कि राहुल चोरों को बचाना चाहते हैं। कांग्रेस मौतों की राजनीति करती है और जलती चिताओं पर राजनीति की रोटी सेंकती है। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने का पुराना इतिहास राहुल गांधी का रहा है। वो झूठ का ढोल पीट रहे हैं। अगस्ता वेस्टलैंड मामले का जिक्र करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि इसकी जांच आपके घर की चौखट पर जा पहुंची है, कांग्रेस बताए कि 2जी और कॉमनवेल्थ घोटाले में 'मोटा माल' किसने खाया? उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी जवाब दें कि कांग्रेस के कार्यकाल में ढाई लाख किसानों ने आत्महत्या क्यों की? SIT गठन के मुद्दे पर कहा कि राहुल गांधी जवाब दें कि वीवीआईपी चौपर घोटाले का दोषी कौन है और यूपीए सरकार ने कालेधन पर एसआईटी के गठन में देरी क्यों की?












Click it and Unblock the Notifications