Budget Session: संसद में होगी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर 2 प्रमुख डिबेट, जानिए कब बोलेंगे राहुल गांधी और PM मोदी
Parliament Budget Session 2025: राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा सोमवार से दोनों सदनों में शुरू होगी। इस चर्चा की शुरुआत बीजेपी सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी करेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लोकसभा में और गुरुवार को राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देंगे।
कांग्रेस ने भी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अपने वक्ताओं की सूची जारी की है, जिसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रयागराज से सांसद उज्जवल रमन सिंह, मणिपुर से सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजम, और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का नाम शामिल है। राहुल गांधी सोमवार को जवाब देंगे।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 3 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर दोनों सदनों में बहस की शुरुआत करेंगे। हालांकि बजट पर अलग से बहस होगी, लेकिन राहुल गांधी किसी भी विषय पर अपने विचार व्यक्त कर सकते हैं, जो उन्हें उचित लगे। इसमें वह सरकार द्वारा किए गए सभी दावों का मजबूती से खंडन करने की पूरी कोशिश करेंगे।
चर्चा की शुरुआत करेंगे रामवीर सिंह बिधूड़ी
शनिवार को बीजेपी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा की शुरुआत के लिए दक्षिण दिल्ली से सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुना। वहीं, बिहार के पटना साहिब से सांसद और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे।
राज्यसभा में इस चर्चा की शुरुआत बीजेपी सांसद किरण चौधरी करेंगी, जबकि नीरज शेखर प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। यह राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होने हैं और इस वर्ष के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव होंगे।
बजट पर प्रतिक्रिया और राजनीति
शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट पेश किया, जिसमें मीडिल क्लास को टैक्स में बड़ी राहत दी गई और बिहार के लिए कई विकास परियोजनाओं का ऐलान किया गया। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने दावा किया कि यह बजट दिल्ली और बिहार के मतदाताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इसमें अन्य वर्गों के लिए कोई विशेष प्रोत्साहन नहीं है।
लोकसभा में पेश किए जाने वाले प्रस्ताव में राष्ट्रपति का धन्यवाद करते हुए कहा जाएगा कि लोकसभा के सदस्य राष्ट्रपति के प्रति आभारी हैं, जिन्होंने 31 जनवरी 2025 को संसद के दोनों सदनों में संबोधन दिया। यह संबोधन बजट सत्र के पहले दिन की एक वार्षिक परंपरा है।












Click it and Unblock the Notifications