'देखिए किस तरह मुझे गालियां दिलवाई जा रही हैं', रागिनी नायक बोलीं- 'कठघरे में रजत शर्मा को खड़ा किया तो...'
Rajat Sharma Ragini Nayak Row: कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने आरोप लगाया है कि देश के वरिष्ठ पत्रकार और इंडिया टीवी के चेयरमैन रजत शर्मा ने लाइव टीवी डिबेट में उन्हें अपशब्द कहे हैं। ये विवाद पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चाओं में है।
अब रागिनी नायक ने इस मामले में एफआईआर भी कर दी है। वहीं कांग्रेस ने भी इंडिया टीवी में तुरंत प्रभाव से अपने प्रवक्ताओं को भेजना बंद कर दिया है। इस बात की जानकारी खुद कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने दी है।

दूसरी ओर रजत शर्मा ने दावा किया है कि उन्होंने लाइव टीवी डिबेट में किसी को गाली नहीं दी है। उनकी टीम की ओर से कहा गया है कि वो इस मामले को कोर्ट में ले जाएंगे। अब रागिनी नायक का दावा है कि इस पूरे विवाद के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर खूब ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि रागिनी नायक के सपोर्ट में भी कई लोगों ने ट्वीट किया है।
बॉलीवुड अभिनेता निर्माता और लेखक कमाल राशिद खान (KRK) ने भी इस मामले पर ट्वीट करते हुए लिखा है कि, ''यह आदमी कितना भारी बेशर्म है कि खुद का गाली देते हुए वीडियो खुद ही दिखा रहा है, और कह रहा है कि कोई बताओ मैंने इसमें कहां गाली दी है! lol''
रागिनी नायक बोलीं- 'कठघरे में रजत शर्मा को खड़ा किया तो भाजपा प्रवक्ता और ट्रोलर्स बीच में कूद पड़े'
रागिनी नायक ने अपने ट्वीट में कहा, ''ये रिश्ता क्या कहलाता है ??? कठघरे में रजत शर्मा को खड़ा किया तो भाजपा प्रवक्ता और ट्रोलर्स बीच में कूद पड़े! देखिए किस तरह 'मोदी के परिवार' से मुझे गालियां और धमकियां दिलवायी जा रही हैं।'

अपने एक अन्य पोस्ट में रागिनी नायक ने कहा, 'चोरी और सीनाजोरी ! पहले तो रजत शर्मा जी ने मुझे लाइव डिबेट में अपशब्द कहे। फिर अपनी लीगल टीम से मानहानि की धमकी दे कर चुप कराने की कोशिश की। गांधी मार्ग पर चलने, 'डरो मत' का नारा बुलंद करने वाले गीदड़-भभकियों से नहीं डरते हैं। मैंने सेक्शन 294 और 509 IPC के तहत क्रिमिनल कंप्लेंट दिल्ली तुगलक रोड थाने में दर्ज करवा दी गई है।'' रागिनी नायक ने इसके साथ ही शिकायत की कॉपी भी शेयर की है।
अपने एक अन्य पोस्ट में रागिनी नायक ने कहा था कि, ''रजत शर्मा जी, सबसे पहले महात्मा गांधी ने देश को अभय का पाठ पठाया था, इसलिए हम आपकी गीदड़ भभकी से डरे नहीं। आपको बताना चाहिए था कि अगर आपने गाली नहीं दी तो आपने क्या कहा था, लेकिन आपने ऐसा नहीं किया। इससे ना सिर्फ आपका मुखौटा हटा है, बल्कि यह दिखाता है कि आपके मन में कितना मैल और जहर है। हमने इस मामले में क्रिमिनल कंप्लेंट भी दर्ज कराई है लेकिन सवाल NCW से भी है कि वो स्वतः संज्ञान लेना कब सीखेंगे।''












Click it and Unblock the Notifications