कौन हैं राधिकाराजे गायकवाड़? जिन्होंने बताया राजपरिवारों का चौंकाने वाला सच! इस कारण हो रहीं ट्रोल
Radhikaraje Gaekwad: बड़ौदा की महारानी राधिकाराजे गायकवाड़ को हाल ही में प्रिवी पर्स खत्म होने के बाद शाही परिवारों के वित्तीय संघर्षों के बारे में अपने बयान को लेकर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि प्रिवी पर्स खत्म होने के बाद राज परिवारों को सोने-चांदी बर्तन, सिंघासन इत्यादि बेचकर घर के खर्च निकालने पड़ते थे।
उनके पॉडकास्ट वीडियो का यह क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। गायकवाड़ हाल ही में रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट पर दिखाई दीं जहां उन्होंने यह विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने पॉडकास्ट होस्ट को बताया, "इंदिरा गांधी द्वारा प्रिवी पर्स हटाने के बाद यह मुश्किल था। हमारे परिवारों के लिए अपना घर चलाना मुश्किल हो गया।"

हालाँकि, राधिकाराजे गायकवाड़ की यह टिप्पणी कि 'प्रिवी पर्स की समाप्ति के बाद शाही परिवारों को जीवित रहने के लिए संपत्ति और अन्य कीमती सामान बेचना पड़ा', कोई सहानुभूति प्राप्त करने में विफल रही। सोशल मीडिया यूजर उन्हें लगातार टारगेट कर रहे हैं। आइए जानते हैं राधिकाराजे गायकवाड़ कौन हैं और कितनी संपत्ति की मालकिन हैं, लेकिन उससे पहले समझते हैं कि प्रिवी पर्स क्या है।
क्या है प्रिवी पर्स?
प्रिवी पर्स का मतलब आज़ादी के बाद भारत में रियासतों के पूर्व शासकों को आवंटित की गई धनराशि से है। ये निधियां प्रत्येक राज्य के आकार और स्थिति के आधार पर अलग-अलग होती थीं। 1971 में, शाही विशेषाधिकारों को कम करने और समानता को बढ़ावा देने के लिए प्रिवी पर्स को समाप्त कर दिया गया था। इस निर्णय का कई शाही परिवारों पर तत्काल वित्तीय प्रभाव पड़ा, जो अपनी शानदार जीवनशैली के लिए इन निधियों पर निर्भर थे।
कौन हैं राधिकाराजे गायकवाड़?
राधिकाराजे गायकवाड़ का जन्म 19 जुलाई 1978 को हुआ था। वह गुजरात की वांकानेर रियासत से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता, डॉ. एमके रणजीतसिंह झाला, ने आईएएस अधिकारी बनने के लिए राजशाही टाइटल छोड़ने का निर्णय लिया था।
राधिकाराजे गायकवाड़ ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के लेडी श्रीराम कॉलेज से इतिहास में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है। महाराज समरजीतसिंह गायकवाड़ से साल 2002 में विवाह करने से पहले, उन्होंने पत्रकार के रूप में कार्य किया था।
समरजीत सिंह गायकवाड़ को साल 2012 में लक्ष्मी विलास पैलेस में हुई एक पारंपरिक रस्म के दौरान बड़ौदा का ताज सौंपा गया था। वे वर्तमान में बड़ौदा रियासत को संभाल रहे हैं। राधिकाराजे गायकवाड़ बड़ौदा के महारानी के रूप में जानी जाती हैं। इस दंपति की दो बेटियां हैं, जिनका नाम नारायणी और पद्मजा है।
राधिकाराजे गायकवाड़ अपने महल, लक्ष्मी विलास के लिए भी सुर्खियों में रह चुकी हैं। बड़ौदा रियासत के गायकवाड़ के स्वामित्व वाला लक्ष्मी विलास पैलेस दुनिया का सबसे बड़ा निजी आवास है। इंग्लैंड के बकिंघम पैलेस से चार गुना बड़े इस महल 3,04,92,000 वर्ग फुट में बना हुआ है और इसमें 170 से अधिक कमरे हैं।












Click it and Unblock the Notifications