'जबतक सत्ता में हूं, ये बर्दाश्त नहीं करूंगा', CM रेड्डी ने अल्लू अर्जुन पर लगाए कई आरोप, जानें क्या-क्या कहा?
Pushpa-2 stampede: तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने ''पुष्पा-2' भगदड़'' मामले में अभिनेता अल्लू अर्जुन और प्रोडक्शन टीम पर महिला (रेवती) की मौत और उनके बेटे श्री तेज के प्रति अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगाया। सीएम रेवंत रेड्डी ने सवाल किया कि क्या फिल्मी हस्ती, सुपरस्टारों और राजनीतिक हस्तियों के लिए कोई विशेष कानून बना है...जो उनको कार्रवाई से छूट देता है।
शनिवार को रेवंत रेड्डी ने विधानसभा में 4 दिसंबर को संध्या थिएटर में अर्जुन की पुष्पा 2 फिल्म के प्रीमियर के दौरान हुई भगदड़ की घटना के बारे में बात की। जिसमें सीएम रेड्डी ने साफ-साफ कहा, ''जबतक मैं सत्ता में हूं...ये सब बर्दाश्त नहीं करूंगा। फिल्मो को मौका मिलेगा लेकिन किसी की जान से बढ़कर कुछ नहीं है।''

महिला की मौत के बाद भी थिएटर से बाहर नहीं निकले अल्लू अर्जुन: CM रेड्डी
सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा, ''भगदड़ में रेवती नाम की महिला की मौत हो गई और उसके बेटे की हालत गंभीर है। जब महिला की मौत हुई, तो अल्लू अर्जुन ने पहले तो थिएटर छोड़ने से इनकार कर दिया। पुलिस ने उन्हें वहां से जबरन निकाला था। लेकिन फिर भी वो (अल्लू अर्जुन) पुलिस के बहुत अनुरोध करने के बाद ही प्रशंसकों का अभिवादन करते हुए संध्या थिएटर से रोड शो करते हुए निकले थे।''
भगदड़ में 35 वर्षीय एम रेवती की मौत हो गई और उनका 9 वर्षीय बेटा श्री तेज अब एक कॉर्पोरेट अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। सीएम रेड्डी ने फिल्म इंडस्ट्री और विपक्षी दलों पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने और उनके साथ एकजुटता दिखाने के बजाय अल्लू अर्जुन का समर्थन किया।
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय पुलिस ने एक स्पष्ट लिखित निर्देश जारी किया था कि मुख्य अभिनेताओं सहित फिल्म क्रू को थिएटर में न बुलाया जाए क्योंकि थिएटर में एक ही प्रवेश और निकास बिंदु है, जिससे भीड़ नियंत्रण की समस्या पैदा होगी।
सीएम रेड्डी ने बोले- जब तक मैं सत्ता में हूं, ऐसी घटनाएं दोहराई नहीं जाएंगी
सीएम रेड्डी ने कहा, ''थिएटर में केवल एक ही प्रवेश और निकास द्वार था। पुलिस की चेतावनी के बावजूद, अभिनेता (अल्लू अर्जुन) एक खुली छत वाली कार में पहुंचे, जिससे हंगामा मच गया। इससे भगदड़ मच गई, जिसके बाद रेवती नामक एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। अभिनेता ने परिवार से मिलने या उन्हें सांत्वना देने तक नहीं गया।''
उन्होंने कहा, "इसके बजाय, वह अपने घर गए, जहां फिल्मी हस्तियां समर्थन दिखाने के लिए एकत्र हुईं। क्या उनमें से कोई भी शोकाकुल परिवार से मिलने गया? हमारी सरकार फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के लिए विशेष शो की अनुमति देती है। लेकिन अगर जान चली जाती है, तो क्या हमें इसे अनदेखा कर देना चाहिए? क्या यह न्याय है? हम अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान का पालन करते हैं। हम किसी को भी मानव जीवन के साथ खेलने को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक हम सत्ता में हैं, ऐसी घटनाएं दोहराई नहीं जाएंगी।"
'महिला की मौत हो गई लेकिन फिल्म देखना जारी रखना चाहते थे अल्लू अर्जुन'
सीएम रेड्डी ने आगे कहा कि थिएटर के बाहर की स्थिति को देखते हुए डीसीपी ने सीधे अभिनेता (अल्लू अर्जुन) से संपर्क किया था। रेवंत रेड्डी ने कहा,
''पुलिस ने उनसे कहा कि बाहर किसी की मौत हो गई है और उन्हें चले जाना चाहिए, लेकिन वह फिल्म देखना जारी रखना चाहते थे। उन्होंने उन्हें चेतावनी दी कि अगर वह नहीं गए, तो उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाना पड़ेगा। अभिनेता (अल्लू अर्जुन) रात 12 बजे के आसपास थिएटर से बाहर आया। उन्होंने उसे एक महिला की मौत और उसके बेटे के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना दी। गंभीर स्थिति के बावजूद, वह अपनी कार में चढ़ा और भीड़ की ओर हाथ हिलाया।''
CM रेड्डी बोले- 'फिल्म बनाए, बिजनेस करें लेकिन जान गई तो सरकार चुप नहीं रहेगी'
मुख्यमंत्री रेड्डी ने फिल्मी हस्तियों को भी चेतावनी जारी की। सीएम रेड्डी ने कहा, ''फिल्में बनाएं, बिजनेस करें, पैसा कमाएं, सरकार से प्रोत्साहन और सब्सिडी लें और शूटिंग के लिए विशेष अनुमति लें। लेकिन अगर लोगों की जान जाती है, तो सरकार चुप नहीं रहेगी।''
सीएम रेवंत रेड्डी ने यह भी चेतावनी दी कि जब तक वे पद पर हैं, ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और लोगों की जान जाने पर विशेष छूट नहीं दी जाएगी।
AIMIM के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी, जिन्होंने संध्या थिएटर त्रासदी पर चर्चा शुरू की थी, ने कहा कि उनकी पार्टी संध्या थिएटर घटना के मामले में सरकार द्वारा की जाने वाली किसी भी कार्रवाई का समर्थन करेगी। उन्होंने अल्लू अर्जुन की मौत और भगदड़ पर प्रतिक्रिया की भी आलोचना की। अकबरुद्दीन ने राज्य विधानसभा में पूछा, "जब उन्हें भगदड़ और मौतों के बारे में बताया गया, तो उन्होंने कथित तौर पर कहा, 'अब फिल्म हिट होगी।' कोई इतना निर्दयी कैसे हो सकता है?"












Click it and Unblock the Notifications