पटियाला: मानव तस्करी मामले में दलेर मेहंदी की सजा बरकरार, हुए गिरफ्तार
पटियाला, 14 जुलाई: पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गुरुवार को उन्हें मानव तस्करी (कबूतरबाजी) मामले में एडिशनल सेशन कोर्ट ने बड़ा झटका दिया और उनकी 2 साल की सजा को बरकरार रखा। ऐसे में अब उनको पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट के इस आदेश से उनके फैन्स में भी मायूसी छाई हुई है। मेहंदी के वकील इस आदेश को ऊपरी अदालत में चुनौती देने की बात कह रहे हैं। फिलहाल अभी उन्हें कोर्ट के आदेश की प्रति मिलने का इंतजार है।
Recommended Video

दरअसल मेंहदी के खिलाफ मानव तस्करी का मामला 2003 में सामने आया था। उन पर आरोप था कि वो अपने भाई शमशेर की मदद से लोगों को गैरकानूनी तरीके से विदेश भेजने का काम करते हैं। इसके लिए वो लोगों से मोटी रकम वसूलते हैं। जांच में पता चला कि दोनों लोग अपनी म्यूजिक टीम के जरिए लोगों को विदेश भेजते थे। इसके बाद बख्शीश सिंह नाम के शख्स ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने 20 लाख की ठगी का भी आरोप लगाया था।
इस मामले में पुलिस ने जांच करके रिपोर्ट कोर्ट में पेश की। इसके बाद पटियाला की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें 2018 में दो साल की सजा सुनाई और उन पर दो हजार का जुर्माना भी लगा। बाद में वो सेशन कोर्ट गए, जहां गुरुवार को एडिशनल सेशन जज ने उनकी दो साल की सजा बरकरार रखी। इसके बाद पंजाब पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया। उनको पटियाला सेंट्रल जेल में रखा जाएगा। वहीं पर कांग्रेस के नेता नवजोत सिंह सिद्धू रोड रेज मामले में बंद हैं।
कई लोगों को अमेरिका पहुंचाया
जांच के मुताबिक मेंहदी एक कंपनी की ओर से 1998-99 में अमेरिका गए थे और वहां उन्होंने गैर कानूनी तरीके से तीन लड़कियों को सैन फ्रैंसिस्को छोड़ा। इसके बाद फिर वो अपने भाई के साथ किसी प्रोग्राम में शामिल होने अमेरिका गए। उस दौरान तीन लड़कों को न्यू जर्सी में छोड़ दिया। इसी तरह करीब 10 लोगों को उन्होंने गैर कानूनी तरीके से अमेरिका पहुंचाया था।












Click it and Unblock the Notifications