पंजाबी सिंगर जानी जोहान की कार का भयानक एक्सीडेंट, कई जगह पर लगी चोट
चंडीगढ़, 20 अप्रैल: पंजाबी सिंगर जानी जोहान की कार मंगलवार को हादसे का शिकार हो गई। आनन-फानन में उनको फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया, वहां पर उनका इलाज जारी है। इस घटना में जानी के साथ कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। उनकी भी हालत अब स्थिर बताई जा रही। फिलहाल मोहाली पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

पीछे से कार ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक मोहाली के सेक्टर 88 में जानी और उनके दोस्त फार्च्यूनर से जा रहे थे। उनके पीछे से एक कार आ रही थी, जिसने उनको टक्कर मार दी। इसके बाद जानी की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त जानी पीछे वाली सीट पर अपने दोस्त के साथ बैठे थे, जबकि ड्राइवर गाड़ी चल रहा था। हादसे में उनको कई जगह पर चोट लगी, ऐसे में सिंगर को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

कहां-कहां लगी चोट?
खबर है कि जानी की गर्दन और पीठ पर चोट लगी है, लेकिन उनकी हालत ज्यादा गंभीर नहीं है। उनके साथ मौजूद दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। वहीं दूसरी ओर पीछे वाली कार का ड्राइवर पूरी तरह से सुरक्षित रहा। मामले में एसएचओ सोहाना गुरजीत सिंह ने बताया कि ये हादसा मंगलवार शाम 6 बजे के करीब हुआ। जानी अपनी कार से सेक्टर 91 जा रहे थे, जहां सेक्टर 88 की लाइट प्वाइंट पर कार ने उनको टक्कर मारी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

वक्त पर खुल गए थे एयरबैग
वहीं चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। इस वजह से टक्कर के बाद उसने तीन बार पलटी मारी। राहत की बात ये रही कि गाड़ी के एयरबैग वक्त पर खुल गए थे, जिस वजह से तीनों को ज्यादा चोट नहीं आई। वहां मौजूद लोगों ने उनको कार से बाहर निकाला और फिर अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद उनके बहुत से फैन्स अस्पताल के बाहर पहुंचे। साथ ही सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ मांग रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications