Punjab Lok Sabha Chunav: इस बार बदला-बदला क्यों लग रहा है पंजाब में चुनाव?
Punjab Lok Sabha Election: पंजाब में इस बार का लोकसभा चुनावों कुछ दशकों के बाद पूरी तरह से बदला-बदला नजर आ रहा है। यहां इस बार अधिकतर सीटों पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। आम आदमी पार्टी प्रदेश की सत्ता पर काबिज है और राज्य के कई दिग्गज सिख नेता चुनावी सीन में नजर ही नहीं आ रहे हैं।
पिछले दो दशकों तक पंजाब की राजनीति में कैप्टन अमरिंदर सिंह से बहुत बड़े चेहरा रहे हैं। वह अभी बीजेपी में हैं, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वह चुनावी सीन में नहीं दिख रहे हैं। हालांकि, उनकी पत्नी परनीत कौर बीजेपी के टिकट पर पटियाला से चुनाव मैदान में हैं। पिछली बार जब वह यहां कांग्रेस के टिकट पर जीती थीं,तब कैप्टन पंजाब के सीएम थे।

पंजाब के कई दिग्गज नेता चुनावी सीन से गायब
पिछले कुछ चुनावों से एक और सिख नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने भी पंजाब में अपनी एक खास पहचान कायम की थी। लेकिन, इस बार पूर्व क्रिकेटर चुनाव अभियान में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं और पंजाब का सियासी मैदान छोड़कर टी20 क्रिकेट मैच की आईपीएल लीग के कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
पंजाब में बदल चुका है पूरा सियासी गणित
इसी तरह से एक और बड़े नेता और अकाली दल के दिग्गज सुखदेव सिंह ढींढसा भी इस बार चुनाव अभियान से नदारद हैं। पंजाब में हो रहे लोकसभा चुनाव में इस बार एक और खास बात है। राज्य में कांग्रेस या शिरोमणि अकाली दल में से कोई सत्ता में नहीं है। बल्कि, राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार चल रही है।
यही नहीं, करीब तीन दशक या 28 साल बाद यह पहला चुनाव है, जब पंजाब में बीजपी और अकाली दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं, जिसकी वजह से राज्य में ज्यादातर सीटों पर बहुकोणीय मुकाबले की परिस्थितियां बनी हैं।
पंजाब में लोकसभा की 13 सीटें हैं और यहां सातवें या अंतिम चरण में 1 जून को मतदान होना है। यहां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और प्रमुख विपक्षी कांग्रेस दोनों ही राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के गठबंधन इंडिया ब्लॉक का हिस्सा हैं। दिल्ली, हरियाणा और गुजरात में ये दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन पंजाब में आमने-सामने ताल ठोक रहे हैं।
इसलिए जानकारों के मुताबिक पंजाब लोकसभा का परिणाम इसबार काफी चौंकाने वाला हो सकता है। क्योंकि, 2022 के विधानसभा चुनावों के बाद राज्य की सियासी परिस्थितियों में काफी परिवर्तन आ चुका है।












Click it and Unblock the Notifications