पंजाब: 11वीं की छात्रा के साथ खेत में गैंगरेप, गंभीर हालत में मौत
चंडीगढ़। पंजाब के फाजिल्का जिला स्थित जलालाबाद में 3 युवकों ने एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस का कहना है कि घटना 25 अक्टूबर की है। जब लड़की अपने स्कूल से लौट रही थी तभी उसे तीन लड़कों ने कथित तौर पर रोका। तीनों युवक, लड़की को पास के ही खेत में ले गए और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस उपाधीक्षक अमरजीत सिंह ने जानकारी दी कि जिस लड़की के साथ युवकों ने दुष्कर्म किया वो 11 वीं में पढ़ती थी और रक्तस्राव के चलते उसकी मौत हो गई। सिंह ने कहा कि इस घटना की जानकारी पुलिस को परिजनों ने नहीं दी। लड़की के मौत के बाद गांव के ही एक शख्स से इसकी पूरी जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि लड़की की मां की ओर से की गई शिकायत के आधार पर एक नाबालिग और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किा गया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस ने पीड़िता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।