पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का विस्तार, 15 बसों से बुजुर्गों को खाटू श्याम-सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन रवाना

पंजाब के मुख्यमंत्री ने तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की है, जिसमें हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर-खाटू श्याम के लिए 15 नई बसें शामिल हैं। इस कार्यक्रम में योग्य बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के लिए मुफ्त यात्रा, आवास, भोजन और चिकित्सा बीमा शामिल है, जिसका लक्ष्य चरणों में दस लाख प्रतिभागियों तक पहुंचना है।

पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना का विस्तार करते हुए बुधवार को 15 बसों को अलग-अलग धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किया गया। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में बसों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान दोनों नेताओं ने बसों में जाकर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और तीर्थयात्रियों से बातचीत भी की। इन बसों के जरिए बुजुर्ग श्रद्धालुओं को हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर बालाजी-खाटू श्याम के दर्शन के लिए ले जाया जा रहा है।

Punjab Pilgrimage Yatra expands with 15 buses

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत पंजाब सरकार अब तक 4 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों को धार्मिक स्थलों की यात्रा करा चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत 50 वर्ष से अधिक उम्र के एक परिवार के दो सदस्य यात्रा कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों के लिए सरकार की ओर से एसी स्लीपर बस, ठहरने और भोजन की व्यवस्था मुफ्त की जा रही है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार का खर्च वहन नहीं करना होगा। केजरीवाल ने बसों को आरामदायक बताते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों के ठहरने के लिए अच्छे होटलों की व्यवस्था की गई है। गंतव्य पर स्थानीय आवागमन के लिए भी बसों की व्यवस्था रहेगी।

अगले कुछ महीनों में 1.50 लाख लोगों को तीर्थ यात्रा कराने का लक्ष्य

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि बुधवार को हरिद्वार-ऋषिकेश, मथुरा-वृंदावन और सालासर-खाटू श्याम के लिए कुल 15 बसें रवाना की गई हैं। उन्होंने कहा कि कई श्रद्धालुओं को पहली बार इन धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि अगले कुछ महीनों में पंजाब से करीब 1.50 लाख लोगों को अलग-अलग तीर्थ स्थलों की यात्रा कराने की योजना है। उन्होंने तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे धार्मिक स्थलों से पंजाब की खुशहाली, शांति और समृद्धि के लिए आशीर्वाद लेकर लौटें।

अलग-अलग धार्मिक स्थलों के लिए पहले से चल रही हैं बसें

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए पहले से ही तीर्थयात्रा की बसें संचालित की जा रही हैं। इनमें दरबार साहिब, राम तीर्थ, अमृतसर साहिब, वाघा बॉर्डर और फतेहगढ़ साहिब जैसे प्रमुख स्थल शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों के धार्मिक स्थल मानवता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने तीर्थयात्रियों से पंजाब की बेहतरी, तरक्की और खुशहाली के लिए प्रार्थना करने की अपील की।

पांच जिलों से रवाना हुईं 15 बसें

भगवंत मान ने बताया कि होशियारपुर से पांच जिलों के श्रद्धालुओं को लेकर कुल 15 बसें अलग-अलग धार्मिक स्थलों के लिए रवाना की गई हैं।

* 10 बसें: होशियारपुर, गुरदासपुर, पठानकोट, जालंधर और कपूरथला से हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए।
* 2 बसें: फगवाड़ा और गुरदासपुर से मथुरा-वृंदावन के लिए।
* 3 बसें: जालंधर और गुरदासपुर से खाटू श्याम-सालासर के लिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बसों में बैठे श्रद्धालु काफी उत्साहित हैं और यात्रा शुरू होने से पहले ही भजन गा रहे हैं।

एसी स्लीपर बस, भोजन और मेडिकल बीमा की सुविधा

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि तीर्थयात्रियों के लिए एसी स्लीपर बसों की व्यवस्था की गई है। ठहरने के लिए वातानुकूलित कमरों की व्यवस्था होगी, जहां पर्याप्त वॉशरूम सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।

पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन और उचित देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी। प्रत्येक तीर्थयात्री का मेडिकल बीमा भी सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि किसी आपात स्थिति में सूचीबद्ध अस्पतालों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा मिल सके। प्रत्येक बस में यात्रियों की सहायता के लिए एक अटेंडेंट मौजूद रहेगा। वहीं, दर्शन प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रत्येक गंतव्य पर विशेष टीम तैनात की गई है।

यात्रा के बाद प्रसाद और स्मृति चिह्न भी मिलेगा

भगवंत मान ने कहा कि यात्रा पूरी होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद के साथ एक स्मृति चिह्न के रूप में पीतल का गिलास भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस धार्मिक यात्रा योजना का लाभ किसी भी क्षेत्र, जाति या धर्म के लोग उठा सकते हैं। सरकार का उद्देश्य उन बुजुर्गों की धार्मिक यात्राओं की इच्छा को पूरा करना है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से विभिन्न तीर्थ स्थलों पर जाने में सक्षम नहीं हो पाते।

10 लाख तीर्थयात्रियों को यात्रा कराने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के पहले चरण में अब तक 4 लाख तीर्थयात्री अमृतसर साहिब और आनंदपुर साहिब-नैना देवी के दर्शन कर चुके हैं। तीर्थयात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न जिलों के क्लस्टर बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि योजना पर अब तक करीब 148 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और सरकार ने कुल 10 लाख तीर्थयात्रियों को तीर्थ यात्रा कराने का लक्ष्य रखा है। विशेष तीर्थयात्रा के लिए आनंदपुर साहिब में एक टेंट सिटी भी स्थापित की गई है। सरकार के अनुसार, तीर्थयात्रा योजना का संचालन सुचारू रूप से किया जा रहा है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+