नवजोत सिंह सिद्धू के साथ तनातनी के बीच आज प्रदेश कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे अमरिंदर सिंह
नई दिल्ली, 01 जुलाई। पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव है, ऐसे में यहां सियासी सरगर्मी काफी तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस में पिछले कुछ समय से लगातार उथल-पुथल मची हुई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तनातनी का दौर जारी है और दोनों ही नेता अपनी सियासी ताकत दिखाने में जुटे हैं। इस बीच पंजाब कांग्रेस के बीच तनातनी को कम करने के लिए आलाकमान लगातार नेताओं से मुलाकात कर रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। इस बीच आज मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पंजाब कांग्रेस के शहरी नेताओं से आज मुलाकात करेंगे, इस दौरान वह इन नेताओं के साथ दोपहर का खाना भी खाएंगे।

दरअसल जिस तरह से कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच तनाव चल रहा है और नवजोत सिंह सिद्धू खुलकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं उससे मुख्यमंत्री काफी नाराज हैं। सिद्धू की बयानबाजी के खिलाफ पार्टी आला कमान की ओर से अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई भी नहीं की गई है। इन तमाम विवाद के बीच कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी अलग पार्टी बना सकते हैं। ऐसे में आज शहरी नेताओं के साथ होने वाली बैठक कई मायनों में अहम है। इस बैठक के जरिए कैप्टन अमरिंदर सिंह नेताओं के बीच अपनी पैठ को मजबूत करने की कोशिश करेंगे, साथ ही वह पार्टी आला कमान को संदेश देने की कोशिश करेंगे कि उनके साथ नेताओं का समर्थन है।












Click it and Unblock the Notifications