पीएम मोदी से मिले पंजाब सीएम अमरिंदर सिंह, कहा- भारत विरोधी ताकतें उठा सकती हैं किसानों के गुस्से का फायदा
नई दिल्ली, 11 अगस्त: पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस समय दिल्ली में हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने के बाद आज उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। पीएम के साथ बैठक में कैप्टन सिंह ने किसान आंदोलन को लेकर बातचीत की। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि कृषि कानूनों को खत्म कर दिया जाए क्योंकि भारत विरोधी शक्तियां किसानों के गुस्से का फायदा उठा सकती हैं।

पंजाब सरकार की ओर से बताया गया है कि अमरिंदर सिंह ने बैठक में नरेंद्र मोदी से विवादास्पद कृषि कानूनों को रद्द करने और किसानों को मुफ्त कानूनी सहायता श्रेणी में शामिल करने के लिए संबंधित कानून में संशोधन करने की मांग की है। पंजाब सीएम ने पीएम से कहा कि लंबे समय से किसानों का आंदोलन चल रहा है, जिसमें 400 से अधिक किसानों की जान जा चुकी है। इस आंदोलन के चलते पंजाब और देश की सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। खासतौर से पाकिस्तान समर्थित भारत विरोधी ताकतें किसानों के असंतोष का फायदा उठाने की कोशिश कर सकती हैं।
अमित शाह से भी कही है पाक से खतरे की बात
पंजाब के मुख्यमंत्री ने इससे पहले मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की है। गृहमंत्री से भी उन्होंने पाक की ओर से खतरे का इशारा करते हुए केंद्रीय हथियारबंद पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 25 कंपनियां और बीएसएफ के लिए ड्रोन नष्ट करने वाले उपकरण तुरंत मुहैया कराने की मांग की है। कैप्टन ने केंद्रीय गृह मंत्री से अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, मोहाली, पटियाला, बठिंडा, फगवाड़ा और मोगा के लिए केंद्रीय हथियारबंद पुलिस बलों की मांग की है।
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से मिले
अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से मिलकर पंजाब में वैक्सीन की कमी, डीएपी और बठिंडा में ड्रग पार्क का मुद्दा उठाया। अमरिंदर सिंह ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि जल्दी ही तीनों मुद्दों का समाधान हो जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
सोनिया गांधी से मिले कैप्टन
Recommended Video
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी अध्यक्षा सोनिया गांधी से भी मुलाकात की है। बताया गया है कि सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पर हुई मुलाकात के बाद अमरिंदर ने कहा कि इस बैठक के दौरान राज्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक ये बैठक चली।












Click it and Unblock the Notifications