बिना जिम जाए पंजाब के इस युवा ने बनाया सबसे ज्यादा पुशअप का रिकॉर्ड, खाते हैं घर का बना खाना
नई दिल्ली, अगस्त 29। फिट और सेहतमंद रहने के लिए जिम जाना जरूरी होता है, अगर आप भी यह सोचते हैं तो पंजाब का रहने वाला 20 साल का यह लड़का आपकी सोच को गलत साबित करने के लिए एक उदाहरण है, क्योंकि गुरदासपुर जिले के रहने वाले कुंवर अमृतबीर सिंह ने उंगलियों के सहारे सबसे अधिक पुशअप लगाने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है और इसमें हैरानी वाली बात यह है कि अमृतबीर सिंह कभी जिम नहीं गए।

एक मिनट में 45 पुशअप लगाए अमृतबीर सिंह ने
कुंवर अमृतबीर सिंह ने अपने दृढ़ संकल्प से बड़ा कारनामा कर दिखाया है। उन्होंने एक मिनट में उंगलियों के सहारे 45 पुशअप लगाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनसे पहले यह रिकॉर्ड जिसके नाम था उसने एक मिनट में 40 पुशअप लगाए थे, लेकिन अमृतबीर ने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। ऐसा करके उन्होंने प्रतिष्ठित रिकॉर्ड कीपिंग बुक में अपना नाम दर्ज कराया है। अमृतबीर सिंह को लेकर खास बात जो है वो यह कि उन्होंने कभी जिम के अंदर कदम तक नहीं रखा, बल्कि खुद से ही घर पर कड़ी प्रैक्टिस कर इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया है।

सुबह 4 बजे सोकर उठते हैं अमृतबीर सिंह
कुंवर अमृतबीर सिंह गुरदासपुर जिले के बटाला में उमरवाला गांव के रहने वाले हैं। उनकी दिनचर्या ऐसी है कि हर कोई हैरान रह जाए। कुंवर के दिन की शुरुआत सुबह 4 बजे से होती है। वो सुबह 4 बजे सोकर उठते हैं। इसके बाद वो लगातार दो घंटे कसरत करते हैं, जिसमें पुशअप का अभ्यास भी शामिल है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रिलीज कर अमृतबीर सिंह ने बताया है कि उन्होंने इस रिकॉर्ड को हासिल करने के लिए 21 दिन तक कड़ा अभ्यास किया था।

घर का बना खाना खाते हैं अमृतबीर
अमृतबीर सिंह ने वीडियो में बताया है कि वो कभी जिम नहीं गए हैं और ना ही कभी कोई सप्लीमेंट लिया है, वो केवल घर का बना हुआ खाना खाते हैं, बाहर की चीजें बिल्कुल नहीं खाते। हालांकि उन्होंने घर पर ही जिम में इस्तेमाल होने वाला सामान बनाया हुआ है। अपने रिकॉर्ड को लेकर अमृतबीर सिंह का कहना है कि मेरे लिए इस रिकॉर्ड को तोड़ना बिल्कुल भी मुश्किल नहीं था, यह सभी के लिए सामान्य बात है, बस हमें कड़ी मेहनत करनी होती है और अपने लक्ष्य पर नजर रखनी होती है।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं कुंवर अमृतबीर
कुंवर अमृतबीर सिंह का कहना है कि वो चाहते हैं कि देश का हर युवा स्वस्थ रहे तभी हमारा देश एक स्वस्थ राष्ट्र कहलाएगा। कुंवर अक्सर अपने सोशल मीडिया अकाउंटर पर ऐसे फिटनेस वीडियो डालते रहते हैं और दूसरे युवाओं को मोटिवेट करते रहते हैं। पिछले कुछ सालों में उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनी हैं।

कर्मवीर चक्र से सम्मानित हो चुके हैं अमृतबीर सिंह
आपको बता दें कि कुंवर अमृतबीर सिंह की लोकप्रियता भी काफी बढ़ चुकी है। सोशल मीडिया पर अमृतबीर सिंह काफी फेमस हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 171K फॉलोअर्स हैं और उनका एक यूट्यूब चैनल भी है, जिसपर वो अपनी वीडियो शेयर करते रहते हैं। पिछले साल उन्हें कर्मवीर चक्र से भी सम्मानित किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications