अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी को लिखा पत्र, पंजाब की राजनीति में दखल ना देने की अपील
नई दिल्ली, 16 जुलाई: पंजाब कांग्रेस में चल रहे सियासी घमासान के बीच शुक्रवार को नवजोत सिंह सिद्धू ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। इसके बाद से खबर आ रही कि सिद्धू की ताजपोशी प्रदेश अध्यक्ष पद पर हो सकती है। हालांकि ये बात मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को नहीं पसंद आ रही। जिस वजह से उन्होंने सीधे सोनिया गांधी को ही पत्र लिख डाला। साथ ही उनसे पंजाब की राजनीति में दखल ना देने की अपील की है।

कांग्रेस नेताओं ने भी कैप्टन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष को पत्र लिखे जाने की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक अमरिंदर सिंह ने लिखा कि कांग्रेस हाईकमान जबरदस्ती पंजाब की राजनीति में दखल दे रहा है। उन्हें ये बात समझनी चाहिए कि वहां पर हालात इतने अच्छे नहीं हैं। जिस वजह से पार्टी के साथ सरकार को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। ऐसे में वो पंजाब को लेकर हर फैसला सोच समझकर करें।
सिद्धू की ताजपोशी तय?
वहीं दूसरी ओर जब सिद्धू सोनिया से मुलाकात कर निकले, तो उन्होंने मीडिया से कुछ नहीं कहा, लेकिन पटियाला स्थित उनके घर के बाहर समर्थकों का जमावड़ा लग गया। साथ ही कई नेता गुलदस्ता भी लेकर पहुंचे। इसके बाद से लग रहा कि हाईकमान के साथ सिद्धू की बैठक सकारात्मक रही। जल्द ही उनको प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी जा सकती है।
रावत के बयान के बाद बवाल
गुरुवार को जब मीडिया ने पंजाब प्रभारी हरीश रावत से इस मामले में प्रतिक्रिया ली, तो उन्होंने साफ कहा कि कैप्टन सीएम बने रहेंगे, जबकि सिद्धू के पास प्रदेश अध्यक्ष का पद जाएगा। वैसे पार्टी को लग रहा था कि इस फॉर्मूले से सुलह हो जाएगी, लेकिन मामला और ज्यादा बिगड़ गया। सूत्रों के मुताबिक कैप्टन किसी भी कीमत पर सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष का पद नहीं देना चाहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications