'बीवी को ब्लेम करना बना फैशन', अतुल सुभाष के बाद दिल्ली कैफे ओनर ने की खुदकुशी, सोशल मीडिया पर छिड़ी अलग बहस
Puneet Khurana Death Case: अतुल सुभाष की आत्महत्या के दिल दहलाने वाले मामले के बाद एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली के मशहूर वुडबॉक्स कैफे के सह-मालिक पुनीत खुराना ने नए साल की पूर्व संध्या पर आत्महत्या कर ली। 40 वर्षीय खुराना का शव मॉडल टाउन के कल्याण विहार स्थित उनके घर में फांसी पर लटका मिला।
पुनीत खुराना की मौत ने चर्चाओं को हवा दे दी है। अतुल सुभाष की मौत और उनके सुसाइड नोट और वीडियो ने पुरुषों के अधिकार और शोषण को लेकर पहले ही चर्चाओं को हवा दे दी थी अब पुनीत के मामले ने इसमें एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

'मौत से पहले रिकॉर्ड किया है वीडियो'
पुनीत के परिवार के सदस्यों का दावा है कि उसे उसकी पत्नी और ससुराल वालों द्वारा परेशान किया गया था, और चरम कदम उठाने से पहले, उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया जिसमें उसने झेली गई परेशानियों का विवरण दिया। मृतक की पहचान पुनीत खुराना के रूप में हुई, जो अपने परिवार के साथ कल्याण विहार में रहते थे और एक बेकरी चलाते थे।
ये भी पढ़ें: Puneet Khurana: पांच नई शर्त, मेंटली टॉर्चर और तलाक केस, अतुल की तरह पुनीत ने भी चुनी मौत की राह
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और खुराना के फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि वे दोनों परिवारों से बात करेंगे। उन्होंने बताया कि दंपति का तलाक का मामला अदालत में चल रहा था। पुलिस को 31 दिसंबर को शाम 4.18 बजे घटना की सूचना मिली।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "मौके पर पहुंचने पर, एक 40 वर्षीय व्यक्ति बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसकी गर्दन पर फंदे का निशान था," पुलिस ने आगे बताया कि ऐसा लगता है कि उन्होंने आत्महत्या की थी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी अलग बहस
अतुल सुभाष की मौत के बाद कुछ वैसा ही एक और मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया दो गुटों में बंट गया है। जहां तमाम लोग मृतकों की पत्नी और ससुराल वालों को अपराधी घोषित कर चुके हैं वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो दोनों पक्षों की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। लोगों का कहना है कि आज कल पत्नी को हर चीज के लिए ब्लेम करने का फैशन बन गया है। मौत की सही से जांच होनी चाहिए और दूसरे पक्ष की बातें भी सुनी जानी चाहिए।
पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप
खुराना की मौत के बाद उनकी अलग रह रही पत्नी और व्यवसायिक पार्टनर मनीका पाहवा पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुनीत और मनीका तलाक की प्रक्रिया में थे। खुराना के परिवार ने आरोप लगाया है कि मनीका और उनके परिवार ने मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आत्महत्या के लिए उकसाया।
पुनीत की बहन ने कहा, "मनीका और उनके परिवार ने उन्हें इतना परेशान किया कि उन्होंने बार-बार मरने के लिए कह दिया। उन्होंने हमारे माता-पिता को घर से निकालने की धमकी दी और उनका मजाक उड़ाया।" परिवार का दावा है कि खुराना ने अपनी मौत से पहले एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने कथित प्रताड़ना का जिक्र किया है।
मनीका पाहवा का क्रिप्टिक पोस्ट
पुनीत खुराना की मौत से कुछ दिन पहले, मनीका ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की थी जिसमें उन्होंने "टॉक्सिसिटी और नर्सिसिस्टिक एब्यूज" के बारे में बात की थी। उन्होंने खुद को "मुक्त" बताते हुए लिखा था कि दया, प्यार, समझ और सम्मान धन-दौलत से ज्यादा जरूरी हैं। उन्होंने पोस्ट में बिना नाम लिए अपने अनुभव शेयर किए और कहा, "भगवान उन लोगों को आशीर्वाद दें जो दयालु नहीं हैं। मैं अब आजाद हूं।"
बिजनेस को लेकर विवाद
परिवार ने दावा किया कि पुनीत और मनीका के बीच व्यवसाय को लेकर भी तनाव था। एक समझौते के तहत, वुडबॉक्स कैफे मनीका के पास रहा, जबकि पुनीत "फॉर गॉड्स बेकरी" चलाते थे। लेकिन मनीका ने कथित तौर पर दूसरे व्यवसाय में भी हिस्सा मांगना शुरू कर दिया, जिससे तनाव बढ़ गया।
'मेरा बेटा सब चुपचाप सहता रहा'
पुणीत की मां ने कहा कि उनका बेटा चुपचाप सब सहता रहा। उन्होंने कहा, "वह हमें परेशान नहीं करना चाहता था, इसलिए उसने अपनी सारी तकलीफें खुद सह लीं। वह अच्छा कर रहा था, लेकिन प्रताड़ना असहनीय हो गई।"
पुणीत के परिवार ने मनीका और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कथित वीडियो समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में अतुल सुभाष जैसी घटना, बेकरी कारोबारी ने की आत्महत्या, पत्नी से चल रहा था तलाक का केस
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications