पुलवामा हमले के विरोध में दिल्ली समेत देश के अधिकतर राज्यों में आज बाजार बंद
नई दिल्ली। पुलवामा हमले के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, भारत सरकार से मांग की जा रही है कि पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पाक से हर तरह के संबंध खत्म किए जाएं। रविवार को देशभर में CRPF के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, कैंडल मार्च आयोजित किए। वहीं, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने पूरे देश में सोमवार को बाजार बंद रखने का ऐलान किया है।

पुलवामा हमले के विरोध में दिल्ली में सभी स्थानीय संगठनों ने शटर गिराए रखने का फैसला किया है। चांदनी चौक में व्यापारियों की ओर से पाकिस्तान और चाइनीज सामानों का पुतला भी फूंका जाएगा। सदर बाजार, करोलबाग, गांधीनगर में भी मार्च और सभाएं होंगी। जगह-जगह पाकिस्तान के विरोध में नारेबाजी हो रही है। इस वक्त पूरा देश पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
CAIT की तरफ से कहा गया है कि मसूद अजहर को लेकर चीन के भारत विरोधी रवैये को देखते हुए चाइनीज सामान के बहिष्कार का अभियान शुरू किया जाएगा, इसको लेकर जल्द ही सभी एसोसिएशंस के बीच इस बात पर सहमति बनाई जाएगी कि कोई भी व्यापारी अपनी दुकान पर चाइना निर्मित सामान नहीं बेचेगा और इसका विरोध करेगा। CAIT की तरफ से कहा गया है कि भारत बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा और इस दौरान दुकानें बंद रहेंगी।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में गुरुवार को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। जैश-ए-मोहम्मद के फिदायीन हमलावर ने जवानों के काफिले को निशाना बनाया और देखते ही देखते यह हमला घाटी में हुए सबसे बड़े आतंकी हमलों में तब्दील हो गया। इस हमले में कई जवान भी घायल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications