Jamia Row: दिल्ली पुलिस के मुख्यालय के बाहर भारी भीड़, लोगों का प्रदर्शन
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ दिल्ली में जमकर प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन का केंद्र एक तरफ जहां शहर के अलग-अलग हिस्सों में था तो शाम होते-होते यह जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी तक पहुंच गया। दरअसल दिन में जिस तरह से जामिया के छात्रों ने इस एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन किया उसमें काफी आगजनी की गई, कई बसों को आग के हवाले कर दिया गया, जिसके बाद यह प्रदर्शन हिंसक हो गया। शाम को जामिया के बाहर प्रदर्शन काफी बढ़ गया, जिसके बाद पुलिस ने जामिया के भीतर घुसकर छात्रों को खदेड़ा। जामिया के भीतर पुलिस की कार्रवाई के बाद गुस्साए छात्रों पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है।

दिल्ली पुलिस के मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हैं और ये लोग जामिया यूनिवर्सिटी के बाहर एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार उग्र प्रदर्शन में 35 छात्र घायल हो गए हैं, जिन्हें दिल्ली के होली फैमिली अस्पताल में पहुंचाया गया, जिसमे से 11 छात्रों को भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं दिल्ली के हालात पर पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, मैं दिल्ली के लोगों से कहूंगा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। दिल्ली पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है। हम जल्द ही असामाजिक तत्वों की पहचान करेंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे
लोगों के भारी प्रदर्शन को देखते हुए 3 मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। वसंत विहार, मुनिरका और आरके पुरम मेट्रो स्टेशन पर फिलहाल कोई भी मेट्रो ट्रेन नहीं रुक रही है। साथ ही दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हिंसक माहौल को देखते हुए कई स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में साउथ ईस्ट जिले में ओखला, जामिया, न्यू फ्रैंड्स कालोनी, मदनपुर खादर क्षेत्र के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल कल बंद रहेंगे। वर्तमान हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।












Click it and Unblock the Notifications