शार्ली हेब्दो पत्रिका के खिलाफ पाकिस्तान में हजारों लोग सड़कों पर, छापा था पैगंबर का कार्टून
नई दिल्ली। फ्रांस की व्यंग्य पत्रिका शार्ली हेब्दो में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून छापे जाने के विरोध में पाकिस्तान में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दस हजार से अधिक की भीड़ सड़कों पर उतर आई। इस दौरान लोग फ्रांस मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। इसके साथ ही फ्रांसीसी उत्पादों के बहिष्कार की अपील की गई।

Recommended Video
इस दौरान कुछ हाथों में कार्ड थे जिन पर लिखा हुआ था 'ईशनिंदा की सजा मौत है।' पाकिस्तान में पैगंबर मोहम्मद और कुरान के बारे में किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार ईशनिंदा की श्रेणी में आता है। इसे लेकर पाकिस्तान के कानून में सख्त सजा का प्रावधान है।
इस रैली का आयोजन कट्टर इस्लामी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-लब्बैक (टीएलपी) ने किया था। रैली को पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले कराची के साथ ही रावलपिंडी, पेशावर, लाहौर और डेरा इस्माइल खान में भी आयोजित किया गया था।
शार्ली हेब्दो ने फिर से छापा था कार्टून
फ्रांस की व्यंग्य साप्ताहिक पत्रिका शार्ली हेब्दो ने हाल ही में पैगंबर मोहम्मद के कार्टून को फिर से छापा था। पत्रिका ने इन कार्टूनों को ऐसे समय छापा है जब एक दिन बाद पेरिस में पत्रिका पर हुए हमले के संदिग्धों के खिलाफ ट्रायल शुरू हुए हैं। पत्रिका ने छापने के बाद कहा था कि उनसे बार-बार इन कार्टून को छापने को कहा गया लेकिन वे सही समय का इंतजार कर रहे थे। 2015 में पत्रिका के पेरिस स्थित दफ्तर पर आतंकी हमला किया गया था। हमले के दौरान पत्रिका के संपादक और पत्रिका में काम करने वाले प्रमुख कार्टूनिस्टों समेत 12 लोग मारे गए थे। वहीं पांच अन्य लोगों की भी मौत हुई थी। बाद में पुलिस ने हमला करने वाले दोनों भाइयों को मार गिराया था। वहीं हमले में सहयोग देने के आरोपियों पर कोर्ट में सुनवाई शुरू की गई है। पत्रिका द्वारा कार्टून छापने को इन हमलों की वजह बताई गई थी।












Click it and Unblock the Notifications