IS से जुड़ने पर सेक्स स्लेव और शहादत पर वर्जिन लड़की का देते थे लालच
मुंबई। आईएस के लिए लोगों की भर्ती कराने के आरोपी फारूख उर्फ शफी अरमार ने प्रभानी यूथ नासिर चौस को आईएस में शामिल करने के लिए सेक्स स्लेव का प्रलोभन दिया था।
शफी ने कहा था कि इराक पहुंचने पर उसे सेक्स स्लेव मुहैया कराई जाएंगी, जबकि शहादत के बाद उसे वर्जिन लड़कियां दी जाएंगी।

सोशल मीडिया से भरमाया
इसके बाद चौस ने तीन अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर एक मॉड्यूल बनाया था, जिन्हें महाराष्ट्र एटीएस के पूर्व एसपी को रास्ते से हटाने का काम सौंपा गया था। एटीएस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि चौस द्वारा दी गई ये सारी जानकारियां प्रभानी केस के तहत महाराष्ट्र एटीएस अपनी चार्जशीट में शामिल करेगी।
प्रभानी आईएस मॉड्यूल का एक खास सदस्य रहे चौस से फारूख ने सोशल मीडिया के जरिए संपर्क किया था। इसके बाद फारूख ने चौस को उसके साथ कई मैसेंजर ऐप जैसे टेलिग्राम और स्पैनचैट के जरिए चैट करने की निर्देश दिए थे।

चौस आ गया झांसे में
इसी चैट के दौरान चौस सेक्स स्लेव मिलने और शहादत के बाद वर्जिन लड़कियां मिलने के प्रलोभन में आ गया। साजिश का एक हिस्सा यह भी था कि चौस को फारूख ने प्रभानी मॉड्यूल का प्रमुख बना दिया। चौस फारूख के झांसे में आ गया और इस मॉड्यूल को बनाने के लिए तीन स्थानीय लोगों को उसने अपने साथ मिला लिया।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक जैसे ही मॉड्यूल बनकर तैयार हुआ तो चौस ने इराक जाने का फैसला किया, लेकिन फारूख ने उसे भारत में हमले को अंजाम देने को कहा। साथ ही उसने कहा कि चौस तब तक भारत के ही ऑपरेशन देखे, जब तक कि इराक में उसके रहने का इंतजाम किया जा रहा है।

फुर्ती से चार्जशीट फाइल करेगी एटीएस
सूत्रों का कहना है कि एटीएस इस मामले में चार्जशीट फाइल करने में काफी फुर्ती दिखाना चाहती है, क्योंकि यह केस एनआईए को ट्रांसफर कर दिया गया था, जिससे एटीएस काफी नाराज है।
राज्य के गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि भले ही एनआईए के लिए यह जरूरी है कि वह अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट के तहत रजिस्टर केस की छानबीन करे, लेकिन इस केस पर महाराष्ट्र एटीएस ने बहुत काम किया है और उन्हें इस बात की इजाजत मिलनी चाहिए कि इस केस में वह अपना निष्कर्ष दे सकें। महाराष्ट्र एटीएस द्वारा इस केस में चार्जशीट फाइल किए जाने का फैसला उच्च स्तर पर लिया गया है।

एटीएस ने पकड़े थे चार लोग
इस साल जुलाई और अगस्त के बीच महाराष्ट्र एटीएस ने प्रभानी आईएस मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए प्रभानी और हिंगोली से चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों के नाम मोहम्मद रायसुद्दीन मोहम्मद सिद्दीकी, इकबाल अहमद कबीर अहमद, नासिर चौस और शहीद खान हैं।
एटीएस ने दावा किया था कि ये मॉड्यूल औरंगाबाद एटीएम यूनिट पर बड़ा हमला करने की योजना बना रहे थे। यह ग्रुप पूर्व एसपी नवीनचन्द्र रेड्डी को टारगेट कर रहा था।












Click it and Unblock the Notifications