प्रियंका गांधी देश भर में करेंगी 100 रैलियां, कई जगहों पर राहुल के साथ मंच करेंगी साझा
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के लिए पूरे देश में प्रचार जोर-शोर से चल रहा है। कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं है। कांग्रेस की तरफ से उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी समेत कई नेता पूरे देश में चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। कांग्रेस ने अब अपनी महासचिव और पूर्वी यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी को लेकर नया प्लॉन तैयार किया है। प्रियंका गांधी अब उत्तर प्रदेश से बाहर भी पार्टी के लिए प्रचार करेंगी। पूरे देश में वो करीब 100 रैलियों को संबोधित कर सकती है। इसमें उत्तर प्रदेश भी शामिल है। कांग्रेस के सूत्रों ने ये जानकारी दी है।

'प्रियकां गांधी देश भर में करेंगी रैलियां'
अंग्रेजी अखबार इकोनॉमिक्स टाइम्स की खबर के मुताबिक कांग्रेस के लोगों ने बताया कि पार्टी देशभर में उन लोकसभा सीटों की लिस्ट तैयार कर रही है, जहां लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी चुनावी रैलियां करेंगी। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि जमीनी रिपोर्ट के आधार पर ये लिस्ट तैयार की जा रही है। ये वो सीटें होंगी जहां कांग्रेस के उम्मीदवारों को सहारे की जरूरत होगी। पार्टी का प्लान है कि प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश समेते देशभर में 100 रैलियां आयोजित करवाई जाए। लेकिन उन्होंने ये बातें नाम ना बताने की शर्त पर बताईं।

प्रियंका गांधी पहली बार यूपी से बाहर करेंगी प्रचार
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अभी तक उत्तर प्रदेश में ही पार्टी के लिए प्रचार किया है। सक्रिय राजनीति में एंट्री लेने के बाद उन्होंने पूर्वी यूपी के कई जिलों का दौरा किया है। इसमें उन्होंने नावों से यात्रा करके भी लोगों से मुलाकात की है और उन्हें संबोधित भी किया है। इसके अलावा वो कई जगह रोड शो कर चुकी हैं। हालांकि वो 4 अप्रैल को अपने भाई राहुल गांधी के नामांकन के लिए केरल के वायनाड भी गई थी। जहां उन्होंने रोड शो में भी भाग लिया था।

प्रियंका इन राज्यों में कर सकती हैं रैलियां
कांग्रेस के नेताओं के मुताबिक प्रियंका गांधी यूपी के बाहर कर्नाटक, गुजरात,मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में रैलियां कर सकती है। यहां वो राहुल गांधी के साथ कुछ संयुक्त रैलियां भी कर सकती हैं। वोटरों को लुभाने के लिए कांग्रेस की विभिन्न प्रदेश इकाईयां उनकी अपने यहां रैली की मांग कर रही है। एक अन्य कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रियंका गांधी को जिस तरह से रिस्पोंस मिल रहा है, उसे देखते हुए देश भर के कार्यकर्ता और नेता अपने क्षेत्र में उनकी रैली की मांग कर रहे हैं। हालांकि हर जगह जाना संभव नहीं है। इसी वजह से उन सीटों का चयन किया जा रहा है, जहां उनकी यात्रा से नतीजे पक्ष में आने की सर्वाधिक उम्मीद है। यूपी की तर्ज पर वो महिलाओं और छात्रों के साथ भी संवाद कर सकती है। इसकी भी योजना बनाई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications