वायनाड से आज नामांकन दाखिल करेंगी प्रियंका गांधी वाड्रा, मां-भाई सहित दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी आज केरल के वायनाड लोकसभा सीट पर अपना नामांकन दाखिल करेंगी। प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ मंगलवार की शाम को ही केरल पहुंच गई हैं। वायनाड में होने वाले उपचुनाव में इस बार प्रियंका गांधी मैदान में हैं।
वह पहली बार चुनावी मैदान में उतरने जा रही हैं। दरअसल वायनाड की सीट राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई है, जिसके बाद प्रियंका गांधी ने यहां से चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।

प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ मंगलवार को मैसूर पहुंचीं। इसके बाद वो दोनों वायनाड के लिए रवाना हो गईं। मैसूर पहुंचने पर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी का स्थानीय पार्टी के नेताओं और समर्थकों ने स्वागत किया।
इस दौरान सोनिया और प्रियंका पूर्व सैन्य अधिकारी के घर पहुंचीं, इसके बाद रात को दोनों वायनाड के लिए रवाना हो गईं। सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी की मौजूदगी में प्रियंका गांधी वायनाड से अपना पर्चा दाखिल करेंगी।
इसके साथ ही प्रियंका गांधी की चुनावी राजनीति की शुरुआत हो जाएगी। इससे पहले प्रियंका गांधी ने कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है, यह उनका पहला चुनाव है।
बता दें कि राहुल गांधी ने रायबरेली और वायनाड दोनों सीट से चुनाव लड़ा था और दोनों ही सीट पर उन्हें जीत मिली थी। लेकिन बाद में राहुल गांधी ने वायनाड की सीट से इस्तीफा देने का फैसला लिया था।
जिसके बाद प्रियंका गांधी के यहां से चुनाव लड़ने का ऐलान किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका गांधी वायनाड की जनता की मजबूत आवाज बनेंगी।
राहुल ने कहा कि वायनाड के लोगों के लिए मेरे दिल में खास जगह है, मैं अपनी बहन प्रियंका से बेहतर प्रतिनिधि के बारे में सोचभी नहीं सकता हूं।
मुझे पूरा भरोसा है कि वह वायनाड के लोगों की जरूरत और यहां के लोगों की मजबूत आवाज बनेंगी। 23 अक्तूबर को वह अपना नामांकन दाखिल करने जा रही हैं, हम साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि वायनाड को प्यार भरा प्रतिनिधित्व मिलता रहे।
यह प्रियंका गांधी का संसदीय चुनावों में पहला कदम है, जो संभवतः संसद में सेवा करने वाली गांधी परिवार की तीसरी सदस्य हैं।
उनकी उम्मीदवारी को वायनाड में कांग्रेस पार्टी के प्रयासों में एक नए जोश के रूप में देखा जा रहा है, एक ऐसा निर्वाचन क्षेत्र जिसका प्रतिनिधित्व पहले उनके भाई राहुल करते थे, जिन्होंने उनकी उम्मीदवारी के लिए इसे खाली कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications