प्रियंका गांधी की मुश्किलें बढ़ीं, 'कृषि भूमि डील' मामले में ED ने चार्जशीट में शामिल किया नाम
Priyanka Gandhi name in ed chargsheet: लोकसभा चुनाव को लेकर देश में जारी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हरियाणा के फरीदाबाद में कृषि भूमि की खरीद और बिक्री से जुड़े एक मामले में प्रियंका गांधी का नाम अपनी चार्जशीट में शामिल किया है।
ईडी ने इस मामले में कहा है कि दिल्ली के रहने वाले रियल एस्टेट एजेंट एचएल पाहवा से हरियाणा के फरीदाबाद में 5 एकड़ कृषि भूमि खरीदने और फिर फरवरी 2010 में उसी को ये कृषि भूमि बेचने की डील में प्रियंका गांधी भी शामिल थीं।

हालांकि, ईडी ने प्रियंका गांधी को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया है। ईडी के मुताबिक, ये जमीन हरियाणा में फरीदाबाद के अमिपुर गांव में एचएल पाहवा से खरीदी गई थी। एचएल पाहवा से ही प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने साल 2005-06 में अमिपुर गांव में तीन अलग-अलग हिस्सों में 40.08 एकड़ जमीन खरीदी थी और बाद में साल 2010 में पाहवा को वापस ये जमीन बेच दी।
एचएल पाहवा ने ही एनआरआई बिजनेसमैन सीसी थंपी को भी जमीन बेची थी। सीसी थंपी के ऊपर भगौड़े आर्म्स डीलर संजय भंडारी के क्राइम छिपाने में उसकी मदद करने का आरोप है। ईडी का कहना है कि ये एक बड़ा मामला है, जो संजय भंडारी से जुड़ा हुआ है। संजय भंडारी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग सहित कई मामलों में देश की एजेंसियां जांच कर रही हैं।
वहीं, प्रियंका गांधी का नाम चार्जशीट में शामिल किए जाने पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ये भाजपा की पुरानी आदत है। लोकसभा चुनाव से पहले कई लोगों के नाम ईडी से जोड़े जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications