प्रियंका गांधी लखनऊ में करेंगी तमाम कार्यकर्ताओं से मुलाकात, स्टीमर से जाएंगी वाराणसी
लखनऊ। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही हैं। वह आज पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के लिए लखनऊ पहुंचीं हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद प्रियंका गांधी तीन दिन तक गंगा यात्रा करेंगी। इस दौरान वह स्टीमर नाव से प्रयागराज से वाराणसी के अस्सी घाट तक जाएंगी। यह गंगा यात्रा 18 मार्च से शुरू होगी। बता दें कि प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है।

आधिकारिक रूप से राजनीति में आने के बाद प्रियंका लगातार पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही हैं।प्रियंका गांधी आज शाम सात बजे तक तमाम पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद वह पूर्वांचल के दौरे पर जाएंगी। तीन दिनों तक वह कई रैलियों और जनसभाओं में हिस्सा लेंगी। दूसरे चरण में प्रियंका स्टीमर से यूपी के बलिया से बिहार के छपरा तक जाएंगी। प्रियंका गांधी के प्रयागराज से वाराणसी तक के दौरे को प्रशासन ने इजाजत दे दी है। प्रियंका मीरजापुर पहुंचकर मां विंध्यवासिनी और चंद्रिका देवी का दर्शन करेंगी।
वाराणसी में प्रियंका गांधी गंगा पार रामनगर में मल्लाहों से संवाद करेंगी। इसके बाद वह पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के आवास पर भी जाएंगी। प्रियंका गांधी अस्सी घाट पर तमाम स्थानीय लोगों के साथ मुलाकात करेंगी और काशी विश्वनाथ, काल भैरव के दर्शन करेंगी। इन तमाम कार्यक्रम के बाद वह काशी प्रवास में जैन समाज की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में भी हिस्सा लेंगी। शाम को सात बजे वह वापस बाबतपुर एयरपोर्ट लौट जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications