रायबरेली से सोनिया गांधी नहीं प्रियंका होंगी कांग्रेस की उम्मीदवार!
नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ सकती हैं। इस सीट से अभी सोनिया गांधी सांसद हैं। सोनिया गांधी के लगातार खराब स्वास्थ्य और प्रियंका की क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि कांग्रेस का गढ़ कही जाने वाली सीट पर इस बार वो उम्मीदवार हो सकती हैं। इसको लेकर आधिकारिक तौर पर भले कांग्रेस ने कोई ऐलान ना किया है लेकिन रायबरेली में प्रियंका के आने की चर्चा पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच है।

रायबरेली में प्रियंका ले रही फैसले
प्रियंका गांधा के रायबरेली में बीते कुछ समय से सक्रिय हैं। इसको लेकर कांग्रेस स्थानीय स्तर पर तैयारियां भी कर रही है। इस लोकसभा क्षेत्र में पार्टी से जुड़े फैसले भी प्रियंका ही ले रही हैं। क्षेत्र में प्रियंका की मंजूरी के बाद ही संगठन में पद दिए जा रहे हैं। वहीं प्रियंका क्षेत्र में कांग्रेस के पुराने और गांधी परिवार भरोसेमंद लोगों से लगातार मिल भी रही हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद राजनीति से दूर दिख रहीं बीते कुछ दिनों से काफी सक्रिय हैं। इसे लोकसभा चुनाव में उनके उतरने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं से संपर्क
रायबरेली में सोनिया गांधी के सांसद प्रतिनिधि केएल शर्माऔर दूसरे स्थानीय नेता लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं। कांग्रेस संगठन के पदाधिकरी साफ-साफ किसी का नाम ना लेकर यहां से गांधी परिवार के ही किसी सदस्य के चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। प्रियंका की सक्रियता हाल ही में मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री चुनने के दौरान भी रही थी। प्रियंका ने अपने भाई कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ कई बैठकें की थीं।

सोनिया गांधी लगातार बीमार चल रहीं
2014 के चुनाव के बाद से ही सोनिया गांधी की तबीयत बहुत अच्छी नही रही है। उन्हें कई बार इलाज के लिए विदेश भी जाना पड़ा है। 2014 के बाद उत्तर प्रदेश और दूसरे सूबों में हुए चुनावों में उनकी सक्रियता ना के बराबर ही रही है। इस सबसे प्रियंका के चुनाव मैदान में आने की बात को ताकत मिल रही है।

पर्दे के पीछे से सक्रिय
प्रियंका गांधी के राजनीति में आने को लेकर कई सालों से लगातार कई तरह के कयास रहे हैं। वो पार्टी में किसी पद पर नहीं हैं और ना ही कोई चुनाव उन्होंने लड़ा है लेकिन उनकी भूमिका की चर्चा हमेशा रही है। वो पार्टी के लिए प्रचार के साथ-साथ कांग्रेस नेताओं के साथ बीच-बीच में बैठकें भी करती रही है। हाल ही में कांग्रेस की तीन राज्यों में जीत के बाद वहां मुख्यमंत्रियों के चयन में प्रियंकी की अहम भूमिका की बात सामने आई है। जिसके बाद इस को लेकर फिर से बात हो रही है कि क्या पर्दे के पीछे से कांग्रेस में वो बड़े फैसले ले रही हैं।
राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस आलाकमान को कई दिनों तक मुख्यमंत्री के नामों के लिए जूझना पड़ा था। सभी राज्यों में एक से ज्यादा दावेदार थे, तो ऐसे में एक नेता चुनने की जिम्मेदारी राहुल पर थी। इस दौरान राहुल गांधी के घर लगातार बैठकें हुईं। इस दौरान कांग्रेस सोनिया गांधी के अलावा प्रियंका गांधी कई बार राहुल के घर जाती दिखीं। बताया गया कि मुख्यमंत्रियों को नामों पर फाइनल मुहर में उनकी काफी सक्रियता रही।












Click it and Unblock the Notifications