'प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बनाइए', कांग्रेस सांसद ने क्यों की मांग, राहुल गांधी के PM बनाने पर क्या कहा?
Congress MP Imran Masood On Priyanka Gandhi: बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ हुई एक दिल दहला देने वाली घटना के बाद भारत की राजनीति में जबरदस्त उबाल है। बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की ईश निंदा के आरोप में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के बाद देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इस मुद्दे ने सियासी बयानबाजी को भी तेज कर दिया है। सत्ता पक्ष बीजेपी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को घेरते हुए आरोप लगाया कि वह गाजा पर तो खुलकर बोलती हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप रहती हैं।
भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के हालात पर सबसे मुखर आवाज प्रियंका गांधी की ही रही है। इमरान मसूद ने यहां तक कह दिया कि अगर प्रियंका गांधी को प्रधानमंत्री बना दिया जाए, तो वह इंदिरा गांधी की तरह जवाब देंगी। उनका कहना था कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े किए थे और उसी परंपरा में प्रियंका गांधी भी भारत विरोधी ताकतों को करारा जवाब देने का माद्दा रखती हैं।

'प्रियंका गांधी के हाथों में दीजिए, देश की कमान'
इमरान मसूद ने दावा किया कि प्रियंका गांधी के हाथ में अगर देश की कमान होती, तो बांग्लादेश को भारत विरोधी गतिविधियों का केंद्र बनने से रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ऐसा इलाज करेंगी कि भारत के खिलाफ साजिश रचने वालों की हिम्मत नहीं होगी। उनके मुताबिक मौजूदा हालात बेहद चिंताजनक हैं, क्योंकि बांग्लादेश धीरे-धीरे भारत विरोधी अड्डे में तब्दील होता जा रहा है।
प्रियंका प्रधानमंत्री बनीं तो राहुल गांधी क्या करेंगे?
जब इमरान मसूद से यह सवाल पूछा गया कि अगर प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री बनती हैं, तो राहुल गांधी की भूमिका क्या होगी, तो उनके जवाब ने सियासी हलकों में और चर्चा छेड़ दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी वही करेंगे जो पार्टी तय करेगी। इमरान मसूद ने राहुल और प्रियंका को इंदिरा गांधी की विरासत का हिस्सा बताते हुए कहा कि दोनों को अलग-अलग नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ये दोनों एक ही चेहरे की दो आंखें हैं।
इमरान मसूद की सफाई-'राहुल गांधी हमारे भी नेता हैं'
इमरान मसूद ने साफ किया कि राहुल गांधी कांग्रेस के नेता हैं और प्रियंका गांधी के भी नेता हैं। कौन क्या जिम्मेदारी निभाएगा, यह पार्टी नेतृत्व तय करेगा। उन्होंने खुद को पार्टी का एक छोटा सिपाही बताते हुए कहा कि फैसले हाईकमान को लेने हैं।
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद इमरान मसूद ने सफाई भी दी। उन्होंने कहा कि उनसे सवाल पूछा गया था कि अगर प्रियंका गांधी प्रधानमंत्री होतीं तो क्या करतीं। इसी संदर्भ में उन्होंने इंदिरा गांधी का उदाहरण दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी सिर्फ भाषण देने वाली नेता नहीं हैं। साथ ही उन्होंने शशि थरूर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी विचारधारा से भटकते नजर आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications