PM मोदी के प्रधान सचिव के बेटे लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव, IPS छोड़ शुरू की थी बैंक की नौकरी
नई दिल्ली। लोकसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही लोकतंत्र के इस महापर्व का शंखनाद हो चुका है। इस बीच एक खबर आ रही है कि पीएम नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे लोकसभा चुनाव में उतर सकते हैं। ऐसी खबरें हैं कि प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा उत्तर प्रदेश की किसी सीट से लोकसभा चुनावों में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।

साकेत ने IPS की नौकरी छोड़ बैंक में काम किया
सेंट स्टीफेंस से अर्थशास्त्र में स्नातक साकेत मिश्रा आईआईएम कलकत्ता से एमबीए करने के बाद साल 1994 में IPS बने। लेकिन साकेत ने IPS की नौकरी छोड़ दी और वे डच बैंक में नौकरी करने लगे। करीब 16 साल तक कई अन्तर्राष्ट्रीय बैंकों में उच्च पदों पर रहने वाले साकेत मिश्रा अब राजनीति में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, दो महीनों में करीब 60 सभाएं कर साकेत श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं।

साकेत मिश्रा के श्रावस्ती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें
साकेत मिश्रा के श्रावस्ती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। साकेत ने कहा कि श्रावस्ती एक पिछड़ा इलाका है और यहां के लोगों की कई समस्याएं हैं। उन्होंने बताया कि वे कई छोटी-छोटी सभाओं के जरिए लोगों की समस्याएं जानने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस जिले में गरीबी बहुत बड़ी समस्या है। फिलहाल, श्रावस्ती लोकसभा सीट से बीजेपी के ददन मिश्रा सांसद हैं। साकेत ने कहा कि बीजेपी से अगर अनुमति मिले तो वे इस इलाके के लोगों की सेवा करना चाहेंगे।

पीएम मोदी के प्रधान सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे हैं साकेत
साकेत ने बताया कि श्रावस्ती में उनका ननिहाल भी है और इस तरह उनका काफी वक्त इन इलाकों में बीता है। वे इस इलाके के लोगों से उनका खास जुड़ाव है। बता दें कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव में यूपी के कई बीजेपी सांसदों के टिकट कटने की अटकलें लगाई जा रही हैं। ऐसे में नए प्रत्याशियों में बीजेपी का टिकट मिलने की उम्मीद जगी है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2019 का पहला चरण 11 अप्रैल से प्रारंभ होगा और आखिरी चरण की वोटिंग 19 मई को संपन्न होगी, जबकि चुनावों के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications