'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद विदेश में पाक को बेकनाब करके लौटे डेलिगेशन से PM Modi ने की मुलाकात
All Party Delegation Meeting with PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार की रात पीएम आवास पर विभिन्न देशों का दौरा करके लौटे ऑल पार्टी डेलिगेशन के सदस्यों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने विभिन्न दलों के सांसदों, पूर्व सांसदों और राजनयिकों का बड़ी ही गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इस बैठक के दौरान अपनी विदेश यात्राओं के दौरान हुए अनुभवों और विभिन्न राष्ट्रों में हुई बैठकों के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना फीडबैक दिया।
बता दें 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद, आतंकवाद पर भारत का रुख दुनिया के सामने रखने के लिए अलग-अलग देशों में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजा गया था। इस प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से भारत ने आतंकवाद पर जीरो टॉलरेंस की नीति की जानकारी दी।

आतंकवाद पर पाकिस्तान को किया बेनकाब
सात सांसदों के नेतृत्व में भेजे गए प्रतिनिधिमंडल को विशेष रूप से आतंकवाद पर पाकिस्तान को दुनिया के सामने बेनकाब करने का कार्य सौंपा गया था। इस प्रतिनिधिमंडलों में 50 से ज्यादा सदस्य थे। इन प्रतिनिधिमंडलों ने 33 विदेशी राजधानियों और यूरोपीय संघ का दौरा किया है
सात सांसदों में कांग्रेस के शशि थरूर, बीजेपी के रविशंकर प्रसाद, जेडीयू के संजय कुमार झा, बीजेपी के बैजयंत पांडा, डीएमके की कनिमोझी करुणानिधि, एनसीपी-एसपी की सुप्रिया सुले और शिंदे शिवसेना के श्रीकांत शिंदे शामिल थे। केंद्र सरकार ने पहले ही इन सात प्रतिनिधिमंडलों के काम की सराहना की है।
पीएम मोदी से सांसदों की मुलाकात
पीएम मोदी की विदेश से लौटे प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब अगले महीने मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है और कई विपक्षी दल 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद से ही सरकार से विशेष संसद सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं।
विदेश मंत्री पहले ही कर चुके हैं मुलाकात
गौरतलब है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर भी पहले ही इन प्रतिनिधिमंडलों से मिल चुके हैं और उन्होंने उनके प्रयासों की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि इन प्रतिनिधिमंडलों ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के मजबूत रुख को वैश्विक स्तर पर पहुंचाया है।












Click it and Unblock the Notifications