Ram Mandir Bhumi Pujan: राष्ट्रपति कोविंद ने दी बधाई, उपराष्ट्रपति ने घर पर की पूजा
नई दिल्ली। अयोध्या में आज इतिहास रचा गया है। आज राम मंदिर की नींव पड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन किया है। पीएम मोदी ने अयोध्या पहुंच हनुमानगढ़ी में पूजा की, जिसके बाद उन्होंने रामलला के दर्शन किए। भूमि पूजन के दौरान मोहन भागवत, योगी आदित्यनाथ समेत अन्य कुछ मेहमान शामिल रहे। राम मंदिर भूमि पूजन को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ काविंद ने देश को बधाई दी है।
Recommended Video

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा "राम-मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर सभी को बधाई! मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम के मंदिर का निर्माण न्यायप्रक्रिया के अनुरूप तथा जनसाधारण के उत्साह व सामाजिक सौहार्द के संबल से हो रहा है। मुझे विश्वास है कि मंदिर परिसर, रामराज्य के आदर्शों पर आधारित आधुनिक भारत का प्रतीक बनेगा।" राष्ट्रपति कोविंद के अलावा राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम सर्वोत्तम मानवीय गुणों का स्वरूप हैं। वे हमारे मन की गहराइयों में बसी मानवता की मूल भावना हैं। उन्होंने आगे लिखा, राम प्रेम हैं- वे कभी घृणा में प्रकट नहीं हो सकते। राम करुणा हैं- वे कभी क्रूरता में प्रकट नहीं हो सकते। राम न्याय हैं- वे कभी अन्याय में प्रकट नहीं हो सकते।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने घर पर पूजा की
अयोध्या में राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु भूमि-पूजन के शुभ अवसर पर, उपराष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू तथा उनकी पत्नी श्रीमती उषा नायडू तथा उनके निजी स्टाफ ने, उपराष्ट्रपति-निवास पर रामायण का पाठ किया। उन्होंने राम मंदिर के पुनर्निर्माण को सत्य, नैतिकता जैसे मानवीय मूल्यों तथा श्री राम द्वारा स्थापित मर्यादाओं की पुनर्स्थापना बताया है। अयोध्या के राजा के रूप में उन्होंने सदाचरण के सर्वोच्च प्रतिमान स्थापित किए जो सभी के लिए अनुकरणीय थे।












Click it and Unblock the Notifications