राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बताया कैसे स्वस्थ और विकसित बनेगा भारत? जानिए उन्होंने क्या कहा?
President Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार (19 सितंबर) को कहा कि स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बनाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लोगों से इस दिशा में आगे आने और इस दिशा में कदम उठाने की अपील की है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ''हम सभी जानते हैं कि स्वच्छता की ओर बढ़ाया गया हमारा एक कदम पूरे देश को स्वच्छ रखने में अहम साबित होगा। आइए! हम सभी स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लें।''

उज्जैन में सफाई मित्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार सातवीं बार शीर्ष पर रहने के लिए मध्य प्रदेश के इंदौर शहर और देश में सबसे स्वच्छ राज्य की राजधानी होने के लिए भोपाल की भी सराहना की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, स्वच्छ भारत मिशन के दूसरे चरण के दौरान, जो वर्ष 2025 तक चलेगा, हमें सम्पूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य पूरा करना है। 'खुले में शौच से मुक्त' रहने की स्थिति को बनाए रखते हुए सॉलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट में राष्ट्रीय लक्ष्यों को प्राप्त करना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सफाई मित्रों को किया सम्मानित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "सफाई मित्रों (सफाई कर्मचारियों) को सम्मानित करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। स्वच्छता ही देश को स्वस्थ और विकसित बनाएगी। सफाई मित्रों को सम्मानित करके हम खुद को सम्मानित कर रहे हैं।"
द्रौपदी मुर्मू ने लोगों से देश को "स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित" बनाने के लिए एक कदम आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन पिछले 10 वर्षों में एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है और इसके परिणामस्वरूप देश में व्यापक बदलाव आए हैं।
द्रौपदी मुर्मू बोलीं- स्वच्छ भारत मिशन से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि इस अभियान से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है और स्वच्छता के प्रति उनके व्यवहार में काफी बदलाव आया है। उन्होंने स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय की व्यवस्था करने के लिए सरकार को बधाई दी।
इस अवसर पर द्रौपदी मुर्मू ने स्वच्छता के प्रति समर्पित प्रयासों के लिए चार महिलाओं सहित पांच सफाई मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने 1,692 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उज्जैन-इंदौर छह लेन सड़क की आधारशिला भी रखी। इससे पहले दिन में द्रौपदी मुर्मू ने इंदौर में दो सदी से अधिक पुरानी रेजीडेंसी कोठी के परिसर में कदंब (बर के फूल) का पौधा लगाया।
अधिकारियों ने बताया कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनके साथ मिलकर परिसर में रुद्राक्ष और पारिजात के पौधे लगाए। उन्होंने बताया कि यादव ने मुर्मू को उनकी सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का विवरण देने वाला एक साहित्य भेंट किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने मुख्यमंत्री को राज्य की अपनी यात्रा की स्मृति के रूप में राष्ट्रपति भवन का एक चित्र भेंट किया












Click it and Unblock the Notifications