Premanand: 'इस अपराध को संभाल नहीं पाओगे', प्रेमानंद महाराज ने पिता-पुत्र की किस बात को सुनकर दी चेतावनी?
वृंदावन के संत प्रेमानंद जी महाराज के खराब स्वास्थ्य की फर्जी खबरों ने उनके लाखों भक्तों को चिंतित कर दिया था। महाराज का 2020 में अस्पताल जाते समय का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर 'निधन' की खबर के साथ वायरल हो रहा था। इन अफवाहों के बीच, महाराज ने हाल ही में एक भक्त से बातचीत के दौरान इन फर्जी खबरों पर पहली बार प्रतिक्रिया दी।
प्रेमानंद महाराज ने वायरल हुई खबरों पर कहा कि, 'क्या ये भी बोल दिया कि पधार गए।' इसी सवाल के जवाब में महाराज के एक भक्त ने एक मजेदार एक किस्सा सुनाया। भक्त ने बताया कि वह जब महाराज के दर्शन के लिए वृंदावन आ रहा था, तब उसके पिताजी का फोन आया और उन्होंने कहा कि, 'तुम तो वहां जा रहे हो, लेकिन वो (प्रेमानंद) तो रहे ही नहीं।'

इस बात पर प्रेमानंद महाराज जोर-जोर से हंसने लगे। उन्होंने भक्त से कहा कि वह अपने पिताजी से कह दे कि 'मैं बात करके आ रहा हूं।' हंसते हुए महाराज ने कहा कि, कह देना कि 'लौट आए।'
फेक न्यूज फैलाने वालों को सख्त चेतावनी
महाराज ने सोशल मीडिया पर इस खबर को 'वायरल' करने वालों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, 'जैसे हजारों लोग इस खबर से दुखी हुए। इस दुख का कारण आप बने न, फिर आपको भोगना पड़ेगा।'
उन्होंने कहा कि व्यूज शायद आपको पैसे दे सकते हैं, लेकिन अपराध से मुक्त नहीं कर सकते। महाराज ने हैरानी के साथ कहा कि ये भाव का खेल है। इसमें खेल नहीं खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के दुख जो परिणाम देगा वो आप संभाल नहीं पाओगे। इसलिए एकदम सही खबर देनी चाहिए। जब वह दुख इकठ्ठा होता है, तो उसका परिणाम आपको मिलेगा। आपके द्वारा दी गई गलत खबर का जब परिणाम आएगा, तब आप संभाल नहीं पाएंगे।
प्रेमानंद महाराज को किडनी देने वालों की बाढ़
प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर फर्जी खबरें तब फैलीं, जब 2 अक्टूबर को उनके श्रीराधे हित केलिकुंज आश्रम ने स्वास्थ्य कारणों से पदयात्रा कुछ दिनों के लिए स्थगित करने की जानकारी दी थी। इसके बाद ही अस्पताल का पुराना वीडियो वायरल हो गया था।
एजाज खान समेत कई लोगों ने किडनी दान की इच्छा जताई
महाराज के स्वास्थ्य को लेकर उड़ाई गई अफवाहों से उनके चाहने वाले इतने चिंतित हुए कि उन्हें अपनी किडनी दान करने की पेशकश की बाढ़ आ गई।
- एजाज खान (एक्टर): रियलिटी टीवी स्टार और एक्टर एजाज खान ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा कि अगर उनकी किडनी महाराज से मैच हो जाए तो वह दान करना चाहते हैं, क्योंकि महाराज ने कभी किसी धर्म के खिलाफ नहीं बोला।
- राज कुंद्रा: एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पहले ही किडनी दान करने की इच्छा जता चुके हैं।
- दिनेश फलाहारी बाबा: मथुरा के संत ने अपील की कि महाराज राज कुंद्रा की बजाय उनकी किडनी लें।
- मुस्लिम समुदाय से पेशकश: मध्य प्रदेश के आरिफ खान चिश्ती और मेहनाज खान नामक एक मुस्लिम युवती ने भी किडनी दान करने की इच्छा जताई थी।
- अन्य: प्रसिद्ध संत शरणानंद जी महाराज के एक शिष्य ने भी किडनी दान करने का प्रस्ताव दिया था।
आश्रम प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने साफ कर दिया है कि संत प्रेमानंद जी पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं और नियमित रूप से भक्तों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जनता से किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करने की अपील की है।












Click it and Unblock the Notifications