बहुत सारी हाथियों के बीच 'दिल से' डांस करती नजर आईं प्रीति जिंटा, देखें 'डिंपल गर्ल' की वायरल तस्वीर
Preity Zinta shares her 'favourite' picture from her 'Dil Se' shoot: बॉलीवुड की 'डिंपल गर्ल' प्रीति जिंटा भले ही इस वक्त फिल्मी पर्दे से दूर हों लेकिन सोशल मीडिया पर उनको लेकर हमेशा चर्चा होती ही रहती हैं। हिंदी सिनेमा की खूबसूरत अदाकारा के रूप में पहचान बनाने वाली प्रीति जिंटा इस वक्त अपनी पहली फिल्म 'दिल से' से जुड़ी एक बेहतरीन फोटो को लेकर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं, ये तस्वीर प्रीति ने ही सोशल मीडिया पर शेयर की है।

'हाथी भी सोच रहे होंगे कि मैं क्या कर रही हूं'
दरअसल प्रीति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म 'दिल से' के मशहूर गीत 'जिया जले' का एक दृश्य शेयर किया है, जिसमें वो बहुत सारे हाथियों के साथ डांस करते नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर करते हुए प्रीति ने लिखा है कि 'हाथी भी सोच रहे होंगे कि मैं क्या कर रही हूं। मैं एक अच्छी बच्ची की तरह सब कुछ फराह खान के कहने पर कर रही थी। यह 'दिल से' फिल्म की मेरी पसंदीदा तस्वीरों में से एक है।'

'जिया जले' गीत में प्रीति काफी सेक्सी नजर आई थीं
तस्वीर में प्रीति रेड कलर की ड्रेस में हैं, जिसमे वो काफी सुंदर और उत्तेजक दिखाई पड़ रही हैं। आपको बता दें कि 'जिया जले' गीत में प्रीति काफी सेक्सी नजर आई थीं। मालूम हो कि मणिरतनम निर्देशित फिल्म 'दिल से' साल 1998 में प्रदर्शित हुई थी। फिल्म में मुख्य भूमिकाएं शाहरुख खान, मनीषा कोइराला और प्रीति जिंटा ने निभाई थी। फिल्म मानव बम पर आधारित थी। फिल्म के गाने काफी चर्चित थे और फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में बहुत अच्छा बिजनेस किया था।

फिल्म 'कल हो ना हो' के लिए जीता अवार्ड
इस फिल्म के बाद प्रीति ने कई हिट फिल्मों में काम किया है। फिल्म 'दिल से' में तो प्रीति का रोल छोटा था लेकिन इसके बाद उन्होंने फिल्म 'सोल्जर' में लीड रोल निभाया, फिल्म मेगाहिट थी। फिल्म में चुलबुली प्रीति ने हर किसी का मन मोह लिया था और इसके बाद फिल्म 'क्या कहना' में बिन ब्याही मां का रोल प्ले करके उन्होंने सबको अचरज में डाल दिया था, इस फिल्म के बाद प्रीति को लोग गंभीर अभिनेत्री कहने लगे। फिल्म 'कल हो ना हो' के लिए प्रीति ने बेस्ट एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवार्ड भी जीता है।

'किंग्स इलेवन पंजाब' टीम की सहमालकिन हैं प्रीति
उनकी यादगार फिल्में तो कई हैं लेकिन 'कोई मिल गया' 'संघर्ष' और 'वीर जारा' में उन्होंने कमाल का काम किया और वो हिंदी सिनेमा की सुपरहिट अभिनेत्री बन गईं। फिलहाल वह फिल्मी पर्दे से दूर हैं। आखिरी बार प्रीति जिंटा फिल्म 'भईया जी सुपरहिट' में नजर आई थीं। उनकी यह फिल्म साल 2018 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। प्रीति फिल्मों के अलावा आईपीएल मैचों के दौरान दर्शक दीर्घा में दिखाई पड़ती हैं क्योंकि वो 'किंग्स इलेवन पंजाब' टीम की सहमालकिन हैं। फिलहाल प्रीति की ये तस्वीर इस वक्त लोगों के बीच में चर्चा का विषय बनी हुई हैं और लोग उस पर काफी कमेंट कर रहे हैं।
यहां देखें प्रीति जिंटा की पोस्ट












Click it and Unblock the Notifications