प्रयागराज कुंभ 2019: स्मृति ईरानी ने लगाई संगम में डुबकी, शेयर की तस्वीर
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मां गंगा में स्नान की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'हर हर गंगे'।
Recommended Video

नई दिल्ली। यूपी के प्रयागराज में कुंभ मेले का आधिकारिक शुभारंभ हो गया है। मकर संक्रांति के अवसर पर सुबह 5 बजे से ही अखाड़ों के जुलूस संगम घाट की ओर शाही स्नान के लिए जा रहे हैं। साधु-संतों के अलावा आम श्रद्धालुओं का सैलाब भी प्रयागराज की धरती पर उमड़ रहा है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। संगम घाट पर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इस बीच केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने संगम में डुबकी लगाते हुए स्नान की तस्वीर अपने ट्विटर हैंडल पर शेयर की है। स्मृति ईरानी ने इस तस्वीर के साथ लिखा है, 'हर-हर गंगे'।

पीएम मोदी ने वीडियो शेयर कर दी शुभकामनाएं
प्रयागराज कुंभ मेले में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एक वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को कुंभ मेले की शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर वीडियो जारी करते हुए लिखा है, 'प्रयागराज में आरंभ हो रहे पवित्र कुंभ मेले की हार्दिक शुभकामनाएं। मुझे आशा है कि इस अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधताओं के दर्शन होंगे। मेरी कामना है कि अधिक से अधिक लोग इस दिव्य और भव्य आयोजन का हिस्सा बनें।'
प्रयागराज में आरंभ हो रहे पवित्र कुम्भ मेले की हार्दिक शुभकामनाएं।
मुझे आशा है कि इस अवसर पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विविधताओं के दर्शन होंगे।
मेरी कामना है कि अधिक से अधिक लोग इस दिव्य और भव्य आयोजन का हिस्सा बनें। pic.twitter.com/qAxJtNrUPn
— Narendra Modi (@narendramodi) January 15, 2019
सुबह से ही शुरू हुआ शाही स्नान
आपको बता दें कि प्रयागराज कुंभ मेले में सुबह से ही शाही स्नान शुरू हो गया है। गाजे-बाजे और रथ-पालकियों के साथ साधु-संतों के अखाड़े अपने निर्धारित समय के मुताबिक संगम में शाही स्नान के लिए जा रहे हैं। सबसे पहले महानिर्वाणी अखाड़े ने सुबह 6.15 बजे शाही स्नान किया। इसके बाद निरंजनी और आनंद अखाड़े ने शाही स्नान किया। सबसे आखिर में दोपहर 2:40 बजे निर्मल अखाड़े का जुलूस निकलेगा। साधु-संतों के शाही स्नान के दौरान घाट पर आम श्रद्धालुओं को जाने की इजाजत नहीं है। आम श्रद्धालुओं के स्नान के लिए अलग घाट पर व्यवस्था की गई है।

सबसे पहले अखाड़े के भालादेव ने किया स्नान
तय कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 5:15 बजे शाही स्नान के लिए महानिर्वाणी अखाड़े के संत, अचार्य और महामंडलेश्वर शाही अंदाज में रथों पर विराजमान होकर संगम तट की ओर बढ़े। इनके साथ हजारों नागा साधुओं का कारवां भी दौड़ते हुए चला। अखाड़े के देव भगवान कपिल देव तथा नागा संन्यासियों ने अखाड़े की अगुवाई की। मकर संक्रांति पर परंपरा के मुताबिक सबसे पहले अखाड़े के भालादेव ने स्नान किया। उसके बाद नागा साधुओं ने फिर आचार्य महामंडलेश्वर और साधु-संतों ने स्नान किया। सड़क के दोनों और लाखों श्रद्धालु शाही जुलूस को देखने के लिए जुटे रहे।












Click it and Unblock the Notifications