प्रशांत किशोर जल्द होंगे कांग्रेस में शामिल, शनिवार को सोनिया गांधी के सामने देंगे 600 स्लाइड का प्रेजेंटेशन
नई दिल्ली, 21 अप्रैल। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के इन दिनों कांग्रेस में जाने की चर्चा तेज है। इसे लेकर प्रशांत किशोर और कांग्रेस नेताओं के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। इसी सिलसिले में शनिवार 22 अप्रैल को एक बार फिर से प्रशांत किशोर और कांग्रेस के बीच वार्ता होनी है।

पार्टी ज्वाइन करने के बारे में प्रशांत किशोर कल यानि शनिवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। प्रशांत किशोर ने इस मुलाकात के लिए 600 स्लाइड का प्रजेंटेशन तैयार किया है। इस दौरान कांग्रेस सांसद व पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के भी मौजूद रहने की संभावना है।
तीन से चार दिनों में होंगे शामिल
प्रशांत किशोर के करीबी सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि वह अगले तीन से चार दिनों में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों का ये भी कहना है कि पार्टी अध्यक्ष द्वारा गठित की गई कमेटी का प्रशांत किशोर की ज्वाइनिंग से कोई संबंध नहीं है और न ही इस बारे में उन्होंने कुछ कहा है। जो प्रेजेंटेशन तैयार किया गया है उसका सिर्फ एक हिस्सा भर ही पार्टी नेताओं ने देखा है। 600 स्लाइड के इस प्रेजेंटेशन को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के सामने प्रस्तुत कर दिया गया है। अभी तक किसी ने भी इस प्रेजेंटेशन को पूरा नहीं देखा है।
इसके पहले प्रशांत किशोर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर 18 अप्रैल को मिले थे। दो दिन पहले 16 अप्रैल को भी दोनों की मुलाकात हुई थी।
पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि प्रशांत किशोर ने 2024 के लोकसभा चुनावों के रूट मैप के साथ एक विस्तृत प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया था। सवालों के जवाब में उन्होंने कहा था कि एक सप्ताह के भीतर पार्टी में प्रशांत किशोर के रोल के बारे में पता चल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications