Bihar news: 'ना दल बचा है ना इमेज...', नीतीश कुमार के दावे पर प्रशांत किशोर के 3 बड़े हमले
Prashant Kishor news: 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को हराने के लिए बने विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' की अगली बैठक महाराष्ट्र के मुंबई में होने जा रही है, जिसे लेकर एक बार फिर देश की राजनीति गर्मा गई है।
बैठक से पहले ही भाजपा सहित एनडीए के घटक दलों ने इंडिया गठबंधन को घेरना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में अब चुनाव रणनीतिकार और कभी जेडीयू का ही हिस्सा रहे प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार पर तीन बड़े हमले बोले हैं।

अपने राज्य में नीतीश के पैर रखने का ठिकाना नहीं: प्रशांत किशोर
मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, 'इस गठबंधन में जहां तक नीतीश कुमार की कोशिशों का सवाल है, तो उनकी तो अपनी हालत इतनी खराब है कि उनके अपने राज्य में उन्हें पैर रखने का ठिकाना नहीं मिल रहा है। ऐसे में वो राष्ट्रीय स्तर पर क्या ही विपक्षी दलों को एकजुट करेंगे।'
'नीतीश का दावा केवल मीडिया में'
प्रशांत किशोर ने आगे कहा, 'मान लीजिए कि विपक्ष एकजुट होता भी है, तो आप ऑर्डर में देखिए कि सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस है, उसके बाद टीएमसी है और उसके बाद डीएमके है, जो पूरे-पूरे राज्य जीतकर बैठे हुए हैं, जिनके पास 20-20, 25-25 एमपी हैं। ये दल अपने राज्य में जीत का दावा कर सकते हैं, लेकिन नीतीश कुमार के पास तो कुछ है ही नहीं। ना दल है, ना इमेज बची है। तो, फिर किस आधार पर आप इतना बड़ा दावा कर रहे हैं। नीतीश का दावा केवल मीडिया की खबरों में है।'
बिहार के बाहर नीतीश की कोई चर्चा नहीं: प्रशांत किशोर
नीतीश कुमार पर हमलावर होते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, 'आप तमिलनाडु, कर्नाटक या पश्चिम बंगाल में जाइए तो कौन चर्चा कर रहा है नीतीश कुमार की। बिहार में जब महागठबंधन बना, तो मैंने उसी दिन कहा था कि ये गठबंधन केवल बिहार की घटना है, इसका राष्ट्रीय राजनीति पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। आरजेडी के जीरो सांसद हैं बिहार में, तो क्या ऐसी पार्टियां तय करेंगी कि कौन देश चलाएगा। क्या ये इतने मजबूत दल हैं? नीतीश कुमार के पास 42 विधायक हैं और 16 सांसद पिछली बार गठबंधन में जीते थे, इस बार कितने जीतेंगे, कुछ पता नहीं। तो ऐसे में कैसे माना जाए कि ये लोग राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications