CAA-NRC के खिलाफ प्रदर्शन, प्रशांत किशोर बोले- इससे पीएम मोदी की छवि और बीजेपी को कोई नुकसान नहीं
नई दिल्ली। संशोधित नागरिकता कानून को लेकर देश के कई राज्यों में घमासान मचा है। पूर्वोत्तर के अलावा दिल्ली, यूपी, पश्चिम बंगाल, बिहार और गुजरात में भारी संख्या में लोग इस एक्ट के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं। विपक्षी दलों के अलावा कई मुस्लिम संगठनों ने इस कानून को असंवैधानिक बताया है और सरकार से इसे वापस लेने की मांग कर रहे हैं। विपक्ष इस एक्ट को लेकर पीएम मोदी और बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, जदयू उपाध्यक्ष और रणनीतिकार प्रशांत किशोर का कुछ और ही कहना है।
Recommended Video

राजनीतिक मोर्चे पर बीजेपी को फर्क नहीं पड़ेगा- प्रशांत
संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ जारी प्रदर्शन पर प्रशांत किशोर ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उनका कहना है कि राजनीतिक मोर्चे पर भाजपा को संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, साथ ही उनका कहना है कि पीएम मोदी को भी फिलहाल कोई रोकने वाला नहीं है।

राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी का मुकाबला कोई नहीं सकता- जदयू उपाध्यक्ष
प्रशांत किशोर ने कहा कि एनआरसी का कई राज्यों में विरोध हो रहा है लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी का मुकाबला कोई नहीं सकता है। हालांकि, जदयू उपाध्यक्ष ने कहा कि कमजोर विपक्ष का मतलब ये नहीं है कि विरोध करने वाले भी कमजोर हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और पूर्वोत्तर के राज्यों में संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन हो रहा है। इस दौरान यूपी के कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन हुए हैं जिनमें 10 लोगों की जान जा चुकी है।

बिहार में लागू नहीं होगा एनआरसी- नीतीश
इसके पहले, संशोधित नागरिकता कानून पर मचे बवाल के बीच बिहार के सीएम और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने कहा था कि राज्य में एनआरसी लागू नहीं होगा। बता दें कि संशोधित नागरिकता कानून पर नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने लोकसभा और राज्यसभा में मोदी सरकार का साथ दिया था। हालांकि, नीतीश कुमार के इस कदम का पार्टी के भीतर ही विरोध शुरू हो गया था। पार्टी उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर और प्रवक्ता पवन वर्मा ने कहा था कि नागरिकता संशोधन कानून पर जेडीयू ने मोदी सरकार का समर्थन कर गलत फैसला लिया है।












Click it and Unblock the Notifications