StartUp India International Summit: पीएम मोदी का देश में स्टार्टअप की मदद के लिए एक हजार करोड़ के फंड का ऐलान
StartUp India International Summit: पीएम मोदी का देश में स्टार्टअप की मदद के लिए एक हजार करोड़ के फंड का ऐलान
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को स्टार्टअप इंडिया इंटरनेशनल सम्मेलन (Prarambh Startup India International Summit) में बोलते हुए कहा कि पहले अगर कोई युवा स्टार्टअप शुरू करता था तो लोग कहते कि तुम नौकरी क्यों नहीं करते। स्टार्टअप क्यों? लेकिन अब लोग कहते हैं कि नौकरी ठीक है परन्तु स्टार्टअप क्यों नहीं शुरू करते। ये बदलाव बिम्सटेक देशों की बहुत बड़ी ताकत है। इस दौरान पीएम ने देश में नए स्टार्टअप को विकसित करने में मदद करने के लिए 1,000 करोड़ रुपए के फंड का ऐलान भी किया है। जिसे स्टार्ट-अप इंडिया सीड फंड का नाम दिया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ये समय की मांग है कि भविष्य की टेक्नोलॉजी एशिया की लैब से निकले। भविष्य के एंटरप्रिन्योर्स हमारे यहां तैयार हों। इसके लिए एशिया के उन देशों को आगे आकर ज़िम्मेदारी लेनी होगी जो एक दूसरे के साथ मिलकर काम कर सकते हैं, एक दूसरे के लिए काम कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आज 41 हजार से ज्यादा स्टार्टअप्स हमारे देश में किसी ना किसी अभियान में लगे हुए हैं। इनमें से 5,700 से ज्यादा आईटी सेक्टर में हैं, 3,600 से ज्यादा हेल्थ सेक्टर में बनें हैं। 1,700 स्टार्टअप्स एग्रीकल्चर सेक्टर में आए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप इंडिया मूवमेंट अपने सफल पांच साल पूरे कर रहा है। आज ही भारत ने कोरोना के खिलाफ ऐतिहासिक सबसे बड़ी वैक्सीनेशन ड्राइव शुरू की है। ये दिन हमारे वैज्ञानिकों, युवाओं और हमारे उधमियों की क्षमताओं और हमारे डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों के परिश्रम और सेवाभाव का साक्षी है।
बता दें कि ये सम्मलेन वाणिज्य तथा उद्योग मंत्रालय ने आयोजित किया है। ये सम्मेलन दो दिन (15, 16 जनवरी) का है। स्टार्टअप इंडिया की पांचवी वर्षगांठ के मौके पर हो रहे इस शिखर सम्मेलन में 25 देशों के 200 से ज्यादा वक्ता शामिल हैं। पीएम मोदी की ओर से अगस्त 2018 में काठमांडू में आयोजित चौथे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में की गई घोषणा के तहत ये आयोजन हुआ है। काठमांडू शिखर सम्मेलन में भारत ने बिम्सटेक स्टार्टअप सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की थी।












Click it and Unblock the Notifications