Prajwal Revanna अकेले नहीं हैं, जानें पहले किस तरह के विवादों में फंस चुका है परिवार?
कर्नाटक में जनता दल (सेक्युलर) की फर्स्ट फैमिली का विवादों से पुराना नाता रहा है। परिवार का शायद ही कोई चर्चित सदस्य किसी विवादों में नहीं फंसा हो। हासन के सांसद और जेडीएस के उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना तो उसकी सिर्फ नई कड़ी हैं, अलबत्ता उनपर आरोप ज्यादा संगीन हैं।
परिवार की एक समय में कर्नाटक की राजनीति में तूती बोलती थी। आज भी दक्षिण कर्नाटक खासकर वोक्कालिगा इलाके में इस परिवार का अपना राजनीतिक वर्चस्व है। यौन उत्पीड़न विवाद में जो सांसद प्रज्वल रेवन्ना फंसे हैं, वह एचडी रेवन्ना और भवानी रेवन्ना के बेटे हैं।

प्रज्वल की मां का बाइक सवार को धमकाने वाला वीडियो हो चुका है वायरल
अभी के यौन उत्पीड़न विवाद में प्रज्वल के पिता और विधायक एचडी रेवन्ना खुद भी आरोपी हैं। ज्यादा दिन नहीं हुए हैं, प्रज्वल की मां भवानी का भी विवादों वाला एक वीडियो वायरल हो चुका है।
हुआ ये था कि एक सामान्य बाइक सवार भवानी की महंगी एसयूवी से दुर्घटनावश टकरा गया था। कार में थोड़ी सी खरोंच आ गई थी। इससे भवानी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
'1.5 करोड़ रुपए की कार है और यह डैमेज हो गई है'
वह गाड़ी से उतरीं और बाइक सवार पर चिल्लाना शुरू कर दिया, 'अगर मरना चाहते हो तो बस से जाकर टकराओ। यह 1.5 करोड़ रुपए की कार है और यह डैमेज हो गई है। बाइक जला दो....कोई पुलिस सब इंस्पेक्टर को कॉल करो और उससे कहो की गाड़ी को सीज करे।'
तमाशबीनों ने उनसे गुजारिश की कि उसे जाने दो। इसपर उन्होंने कहा, 'कार ठीक करवाने में 50 लाख रुपए लगेंगे। तुम तभी दखल दो जब तुम पैसे देने के लिए तैयार हो।'
बहू भवानी का बचाव कर चुका है परिवार
टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक परिवार को जानने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि परिवार से बाइक सवार से उनके बर्ताव के बारे में पूछा गया तो उसका कहना था कि एक सर्जरी के बाद वह तनाव से गुजर रही हैं।
प्रज्वल को टिकट दिलवाने में भी मां ने निभाई बड़ी भूमिका
यह भी जानकारी है कि प्रज्वल को हासन से टिकट दिलवाने के लिए भवानी ने ही वीटो लगाया था। क्योंकि, उनकी करतूतों को लेकर हासन में कानाफूसी करीब साल भर से चल रही थी। जेडीएस के कुछ लोग चाहते थे कि उन्हें टिकट न दिया जाए। लेकिन, परिवार को जानने वालों के मुताबिक उनकी मां ऐसे अड़ गईं कि नेतृत्व को उनके सामने हथियार डालने पड़ गए।
रेवन्ना के पिता परिवार के गढ़ हासन में ही ज्यादा सक्रिय रहते हैं और उनकी राजनीति पर उनकी पत्नी भवानी की भी पूरी दखल है।
2019 में हासन से लड़े थे रेवन्ना
यह दखल इतनी ज्यादा है कि 2019 में प्रज्जवल को हासन से टिकट देने के लिए परिवार को कई चीजें एडजस्ट करनी पड़ीं।इससे पहले वे 2018 के विधानसभा चुनाव में ही हुनसूर से लड़ना चाहते थे, लेकिन टिकट नहीं मिला तो नेतृत्व के खिलाफ ही मोर्चा खोल दिया था।
प्रज्जवल के चचेरे भाई निखिल पर भी रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ का लग चुका है आरोप
प्रज्जवल के चचेरे भाई निखिल अब अभिनेता बन चुके हैं। 2019 में उन्होंने भी जेडीएस के टिकट पर मांड्या सीट से भाग्य आजमाया था, लेकिन उनकी सियासी किस्मत चमक नहीं पाई।
2006 की बात है। कर्नाटक में जेडीएस का सीएम था और निखिल महज 19 साल के युवक। वह देर रात अपने दोस्तों के साथ बैंगलुरु के एक रेस्टोरेंट में पहुंच गए। जब, उन्हें सर्विस देने से मना कर दिया गया तो उनपर वहां भयानक तोड़फोड़ के आरोप लगे।
परिवार को जानने वाले बताते हैं कि यह परिवार अपने कथित दुश्मनों की हर एक हरकत को याद रखता है और समय आने पर उसका बदला लेना जानता है। इस परिवार के इस रवैए से अफसर भी नहीं बच पाते और खासकर वे जो इनके गृह जिले हासन और रामनगर में तैनात होते हैं।
जब से प्रज्वल रेवन्ना के स्कैंडल का खुलासा हुआ है, सार्वजनिक तौर पर महिलाओं को 'मेरी माताएं' कह बुलाने वाला परिवार,आमतौर पर चुप है। एचडी रेवन्ना का कहना है कि सारे आरोप पुराने हैं।












Click it and Unblock the Notifications