Pradyuman Murder Case: रेयान स्कूल के तीनों ट्रस्टी की CBI चाहती है कस्टडी
नई दिल्ली। हरियाणा के रेयान इंटरनेशनल स्कूल के तीन ट्रस्टी को बड़ा झटका लगा है। सीबीआई ने स्कूल के तीनों ट्रस्टी की जमानत का विरोध किया है और उन्हें हिरासत में दिए जाने की मांग की है। सीबीआई ने कोर्ट में कहा है कि प्रद्युम्न हत्याकांड की जांच अहम चरण में पहुंच गई है। सीबीआई का कहना है कि पिंटो की भूमिका इस मामले में बड़ी हो सकती है, इस मामले में किसी गंभीर षड़यंत्र से इनकार नहीं किया जा सकता है, लिहाजा इस मामले में इन लोगों की जांच की जाने की जरूरत है।

सबूत मिटाने का आरोप
खबरों के मुताबिक सीबीआई का मानना है कि पिंटो और अन्य ट्रस्टी अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं, अगर उन्हें जमानत मिलती है। आपको बता दें कि इससे पहले सीबीआई का कहना रथा कि ऑगस्टाइन पिंटो, ग्रेस पिंटो और रेयान पिंटो ने इस मामले में सबूतों को मिटाने की कोशिश की है, यह लोग सबूतों को खत्म करने के षणयंत्र में शामिल हैं।

हाई कोर्ट ने दी थी अग्रिम जमानत
आपको बता दें कि पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने अक्टूबर माह में तीनों ट्रस्टी को प्रद्युम्न हत्याकांड में अग्रिम जमानत दे दी थी। लेकिन प्रद्युम्न के परिवार ने इस अग्रिम जमानत का विरोध किया था और सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इससे पहले सीबीआई ने इस मामले में बड़ा खुलासा करते हुए हत्याकांड के आरोपी बस कंडक्टर को हत्या का आरोपी मानने से इनकार कर दिया था।

सीबीआई ने खोली हरियाणा पुलिस की पोल
सीबीआई ने बस कंडक्टर अशोक कुमार को आरोपी नहीं माना था, जिसे हरियाणा पुलिस ने हत्यारा बताया था, यहां तक कंडक्टर के कबूलनामे का भी दावा किया था, जिसे बाद में कंडक्टर ने कहा कि जबरदस्ती पुलिस ने उससे यह बयान दिलवाया है। सीबीआई ने अपनी जांच में कहा था कि स्कूल के ही 11वीं के छात्र ने प्रद्युम्न की हत्या की थी।
गौरतलब है कि रेयान इंटरनेशनल स्कूल में प्रद्युमन दूसरी कक्षा में पढ़ा था, जिसकी स्कूल के भीतर गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। एक तरफ जहां पुलिस ने दावा किया था कि बस कंडक्टर ही हत्या का मुख्य आरोपी है, तो दूसरी तरफ सीबीआई ने 11वीं के छात्र को आरोपी बताते हुए उसे अपनी हिरासत में ले लिया था। वहीं प्रद्युम्न के परिवार का कहना है कि उन्हे हरियाणा पुलिस की जांच पर शुरू से ही शक था।
इसे भी पढ़ें- दो साल पहले था सॉफ्टवेयर इंजीनियर, 50 से अधिक महिलाओं का किया रेप












Click it and Unblock the Notifications