नक्सलियों का वार, निशाने पर रमन सिंह सरकार
नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में लगातार होने वाले नक्सली हमलों के चलते मुख्यमंत्री रमन सिंह पार्टी के ही निशाने पर आ गए हैं। रमन सिंह के खिलाफ पार्टी के भीतर आवाज उभरने लगी है। विधायक और कार्यकर्ता उनसे नाराज हैं। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार अंदरखाने विरोधाभास के चलते संभवत सीएम रमन को कहीं पद से हाथ न धोना पड़ जाए। दूसरी तरफ लोकसभा में कांग्रेस भी रमन सिंह सरकार की बर्खास्तगी की मांग कर चुकी है।

पार्टी में नक्सली हमलों के कारण आंतरिक उठापटक के चलते 10 दिसंबर को बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह रायपुर पहुंचकर पार्टी विधायकों से मुलाकात करेंगे। माओवादी हिंसा रोक पाने में सीएम रमन सिंह की असफलता उनके खिलाफ उठ रहे मुद्ों में बीजेपी के लिए सबसे ऊपर है। बीजेपी नेता ने बताया मुख्यमंत्री का बचाव कर पाना मुश्किल हो रहा है क्योंकि वह कानून-व्यवस्था को नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं।
पहले, वह केंद्र पर आरोप लगा देते थे, जब यूपीए सरकार थी, लेकिन अब यह दिक्कत भी नहीं रही। गौरतलब है कि सुकमा में सोमवार को हुए नक्सली हमले में 13 जवान शहीद हो गए थे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य की राजधानी का दौरा किया और मुख्यमंत्री पर हो रहे हमलों की धार कम करने की कोशिश की।












Click it and Unblock the Notifications