Karnataka Election Result 2023: कर्नाटक में हार के बाद भारत के नक्शे में कितना सिकुड़ा भगवा रंग?
कर्नाटक में कांग्रेस को मिली शानदार जीत के बाद भाजपा को मायूस होना पड़ा। इससे कुछ महीने पहले हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा को मात मिली थी। कर्नाटक के नतीजों के बाद देश में भाजपा के वोट शेयर पर कितना असर पड़ा? जानिए

Karnataka Election Result 2023 अगले साल होने वाले लोक सभा चुनाव से पहले देश की जनता के मूड को भांपने के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। कर्नाटक में हार के बाद भाजपा की सरकार एक और राज्य से हट गई।
कर्नाटक में मिली मात के बाद भारत के नक्शे में 'कमल कितना मुरझाया' या 'भगवा रंग कितना सिकुड़ा' जैसे सियासी सवालों में लोग दिलचस्पी ले रहे हैं। दक्षिण का दुर्ग कहे जाने वाले कर्नाटक से पहले भाजपा को हिमाचल प्रदेश में भी हार का मुंह देखना पड़ा है।
2024 के चुनाव में चंद महीनों का समय बाकी है। राज्यों में भाजपा की स्थिति केंद्रीय चुनाव नतीजों पर भी असर डाल सकती है। ऐसे में सियासी घटनाक्रमों के बीच राज्य सरकारों के स्तर पर यानी कितने राज्यों की विधानसभाओं में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है, ये जानना काफी अहम है।
कर्नाटक में भाजपा को 65 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को 224 सदस्यों वाली विधानसभा में 136 सीटों पर कामयाबी मिली है। ऐसे में इन राष्ट्रीय दलों की वर्तमान स्थिति क्या है, ये जानना काफी रोचक है।

कर्नाटक के चुनाव नतीजों से पहले भाजपा देश के कुल 37 राज्यों-प्रदेशों में से 20 से अधिक प्रदेशों में सरकार बना चुकी थी। कर्नाटक के अलावा हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं।
कांग्रेस की चार राज्यों की सरकार 13.5 फीसद जनता का मूड दिखाती है, ऐसा माना जा सकता है। इसके अलावा तीन राज्यों की सरकारों में कांग्रेस साझीदार है। बिहार, झारखंड और तमिलनाडु में कांग्रेस गठबंधन सरकार में शामिल है। इसमें 17 फीसद आबादी है।
डायरेक्ट रूल या गठबंधन की सरकारों को मिलाकर कांग्रेस को पास 30 फीसद से अधिक आबादी का समर्थन है, ऐसा माना जा सकता है, क्योंकि सातों राज्य भारत की कुल आबादी का लगभग 30 फीसद हैं।
स्वतंत्र रूप से सरकार की बात करें तो भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ 9 राज्यों में सरकार चला रही है। इन राज्यों में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, गोवा, असम, त्रिपुरा, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं। इन राज्यों की आबादी 34 फीसद से कुछ अधिक है।
गठबंधन की बात करें तो भाजपा 6 राज्यों में सरकार बनाने में समर्थन दे रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड और पुडुचेरी में भाजपा सरकारों को समर्थन दे रही है या मंत्रिमंडल में भी शामिल है। इनकी आबादी देश की 11.6 फीसद से कुछ अधिक है।
इसका मतलब ये हुआ कि भाजपा 15 प्रदेशों की सरकारों में शामिल है, जो देश की कुल आबादी का 45.5 फीसद है। इसका एक अर्थ ये भी हुआ कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारों के बिना देश की 25 फीसद आबादी है।

8 राज्यों या केंद्र शासित प्रदेशों में भाजपा या कांग्रेस सत्ता में नहीं हैं। तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में मतदाताओं ने भाजपा-कांग्रेस से इतर तीसरे दल का सम्थन किया है।












Click it and Unblock the Notifications